Blog

शनिवार को भी लगेंगे सरकारी स्कूल

डीपीआई ने जारी की नई समय-सारणी

बिलासपुर।अब प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल शनिवार को भी सामान्य दिनों की तरह संचालित होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा निर्देश जारी करते हुए कहा गया है कि अब शनिवार को भी स्कूल का समय प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक रहेगा। डीपीआई द्वारा सत्र प्रारंभ होने के लगभग एक माह बाद यह नई समय-सारणी जारी की गई है, जिससे स्कूलों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है। नई समय-सारणी के तहत अब उन स्कूलों को भी शनिवार को इसी समय में संचालित करना होगा जो पूर्व में शनिवार को अर्धदिवसीय रूप से चल रहे थे। हालांकि दो पाली में संचालित होने वाले स्कूलों के समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। वे पूर्ववत समय अनुसार ही संचालित होंगे। गौरतलब है कि शिक्षा विभाग की ओर से नया शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया गया है, लेकिन इसकी घोषणा सत्र प्रारंभ होने के एक महीने बाद की गई, जिससे कई स्कूल अभी तक पुराने समय-सारणी के अनुरूप ही चल रहे थे। अब नई समय-सारणी के लागू होने के बाद सभी स्कूलों को शनिवार को भी नियमित कक्षाएं संचालित करनी होंगी। इसके अतिरिक्त, डीपीआई ने यह भी निर्देश दिया है कि हर माह के द्वितीय और चतुर्थ शनिवार को स्कूलों में “बैगलेस डे” आयोजित किया जाएगा। इस दिन बच्चों को बिना बस्ते के विद्यालय आना होगा और उन्हें रचनात्मक, खेलकूद तथा कौशल विकास से संबंधित गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। शिक्षकों और छात्रों में इस बदलाव को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। कुछ शिक्षकों का मानना है कि इससे बच्चों को अधिक सीखने का अवसर मिलेगा, वहीं कुछ का कहना है कि बदलाव की जानकारी समय पर न मिलने से स्कूल संचालन में दिक्कतें आ रही हैं।

वर्जन
शनिवार को भी सरकारी स्कूलों को लगाया जाएगा,देखा गया था कि कई स्कूलों में छुट्टी कर दी जाती थी जिसके कारण बच्चों की पढ़ाई नहीं होती थी।अब ऐसा नहीं होगा।

विजय टांडे
जिला शिक्षा अधिकारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *