लोको पायलट की पत्नी के गले से दिनदहाड़े सोने की चेन लूटकर भागे तीन बदमाश…
स्कूटी सवार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
बिलासपुर । तोरवा थाना क्षेत्र में सुबह-सुबह एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है।
घर के सामने सड़क पर झाडू लगा रही महिला के गले से स्कूटी सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। पीड़िता के पति रेलवे विभाग में लोको पायलट हैं। शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तोरवा पुलिस के अनुसार प्रार्थी भानू प्रकाश निवासी शिवधाम विहार, विनित पेट्रोल पंप के पास, तोरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे वह ड्यूटी के लिए घर से निकल गए थे। इसके कुछ देर बाद उनकी पत्नी संजू कुमारी ने फोन कर घटना की जानकारी दी। पत्नी ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे वह घर के सामने मुख्य सड़क पर झाडू लगा रही थीं। इसी दौरान नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवक वहां पहुंचे और अचानक उनके गले में पहनी सोने की चेन पर झपट्टा मारकर उसे छीन लिया। वारदात के बाद तीनों युवक स्कूटी से मेन रोड की ओर भाग निकले। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि स्कूटी चला रहा युवक नीले रंग की टी-शर्ट और नीले रंग की जींस पहने हुए था। वहीं बीच में बैठे युवक ने सफेद रंग की शर्ट और पीछे बैठे युवक ने सफेद रंग की
टी-शर्ट पहन रखी थी। पीछे बैठे युवक ने ही चेन झपटी और तीनों फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास तलाश करने के बावजूद आरोपियों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित परिवार ने थाना तोरवा पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने नीले रंग की स्कूटी में सवार तीन युवकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस चेन स्नेचिंग की घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में चिंता देखी जा रही है।
चोरों की पहली पसंद बनी सोने की चेन
ज्यादतर घटनाओं में देखा गया है कि बाइक सवार युवक सोने की चेन के पीछे ज्यादा पड़े रहते है।और बाइक सवार युवक पुरुषों से ज्यादा महिलाओं को निशाना बनाते है।युवक ऐसे लोगों को लूटते है।जहां पर महिला अकेली हो और उनको भागने में भी आसानी हो।इसके लिए कई चोर पहले रेकी करते है और उसके बाद घटनाओं को अंजाम देते है।
सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से पूछताछ जारी
पुलिस का कहना है कि बाइक सवार चोर कौन थे कहां से आए थे इसके लिए सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से पूछताछ की जा रही है।ताकि फरार आरोपी जल्द पकड़ा जाए।इसके अलावा पुराने और अन्य संदेहियों से भी पूछताछ जारी है।