Blog

वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा अभियान के तहत युवाओं से संवाद, कलेक्टर और एसएसपी ने दिलाई तिरंगा शपथ

हर नागरिक महसूस करे कि देश उसका है, इसे बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाए : कलेक्टर

बिलासपुर /वंदे मातरम् और हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्थानीय साइंस कॉलेज के राघवेंद्र राव सभाभवन में युवाओं से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं एनएसएस स्वयंसेवकों से संवाद किया और उन्हें तिरंगा शपथ दिलाई। इस अवसर पर युवाओं से देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया।

    कलेक्टर  संजय अग्रवाल ने कहा कि हमारा देश तेजी से प्रगति कर रहा है। आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक नागरिक यह महसूस करे कि देश उसका अपना है और देश को बेहतर बनाने में उसकी भी भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनके विचार, ऊर्जा और रचनात्मकता राष्ट्र निर्माण को नई दिशा दे सकती है। एनएसएस समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए युवाओं को समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और निभाने का अवसर मिलता है।

  उन्होंने कहा कि देश को आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के बाद मिली है। आजादी का अर्थ यह नहीं है कि हम अपनी इच्छानुसार कुछ भी करें। वास्तविक स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जुड़ी है। हमें संविधान, कानून और नियमों का पालन करते हुए दूसरे लोगों के सम्मान और अधिकारों का भी ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर ईमानदारी और जिम्मेदारी से अच्छा कार्य करे, तो 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना संभव है।

सरकार और समाज युवाओं को आगे बढ़ने तथा विकास में योगदान देने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहे

कलेक्टर ने कहा कि सरकार और समाज युवाओं को आगे बढ़ने तथा विकास में योगदान देने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रहे हैं। इन अवसरों का अनुशासन, विश्वास और सकारात्मक सोच के साथ उपयोग किया जाए तो इससे व्यक्ति, समाज और देश—तीनों का भला होगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है। इसके सम्मान के साथ हमें अपने कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए।

लक्ष्य तय कर दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ आगे बढ़ें युवा : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  रजनेश सिंह ने युवाओं से कहा कि उन्होंने अपने जीवन के लिए जो लक्ष्य निर्धारित किए हैं, उन्हें ध्यान में रखकर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ किया गया प्रयास सफलता की ओर जरूर ले जाता है। उन्होंने युवाओं को नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे का हर स्वरूप नुकसानदेह है। युवा अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में करें।

साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान चलाया जा रहा

एसएसपी ने साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि जिले में 11 से 15 अगस्त तक साइबर फ्रॉड जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पढ़े-लिखे और बड़े पदों पर रहने वाले लोग भी साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। ठग लगातार नए-नए तरीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिए किसी भी अनजान लिंक, कॉल, मैसेज या ऑनलाइन लेन-देन के मामले में सतर्कता बेहद जरूरी है।

हेलमेट पहनने सहित यातायात सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करने की अपील

उन्होंने सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए युवाओं से हेलमेट पहनने सहित यातायात सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की जान जा रही है। थोड़ी सी सावधानी और यातायात नियमों का पालन कई अनमोल जिंदगियां बचा सकता है। अनुशासन केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन के प्रति जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल, एनएसएस विश्वविद्यालय समन्वयक मनोज सिन्हा, कॉलेज के प्राचार्य अवनीश साव सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं एवं युवा उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *