विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर सक्रिय रहे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू

बिलासपुर।आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने सेंट जेवियर्स स्कूल, भरनी में नवनिर्मित फिटनेस सेंटर का उद्घाटन किया, ग्राम ताला में पोरा तिहार के अवसर पर भगवान रुद्र शिव का पूजन-अर्चन किया तथा अपने निजी कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।तोखन साहू ने सेंट जेवियर्स स्कूल, भरनी में नवनिर्मित फिटनेस सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की पहल महत्वपूर्ण है। स्वस्थ शरीर विद्यार्थियों में स्वस्थ मन, सकारात्मक ऊर्जा और बेहतर कार्यक्षमता का आधार बनता है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने वाले प्रयास विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ उन्हें अनुशासित और सक्रिय जीवन के लिए प्रेरित करेंगे।
इस अवसर पर तोखन साहू ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया और उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।
कार्यक्रम में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, जिला पंचायत सदस्य भारती माली, जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी संतोष वस्त्रकार सहित संगठन के पदाधिकारी, विद्यालय के डायरेक्टर, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

*जनदर्शन में नागरिकों से किया प्रत्यक्ष संवाद*
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निजी कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों ने विभिन्न स्थानीय एवं व्यक्तिगत समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।तोखन साहू ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद उनकी प्राथमिकताओं को समझने और समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
*पोरा तिहार पर भगवान रुद्र शिव का किया पूजन-अर्चन*
ग्राम ताला में आयोजित पावन पोरा तिहार कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान रुद्र शिव जी का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्रवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।तोखन साहू ने कहा कि पोरा तिहार छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपरा, संस्कृति और आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व किसानों, कृषि परंपराओं और पशुधन के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं का संरक्षण एवं संवर्धन समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्रवासियों को पोरा तिहार की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की