तेज रफ्तार वाहन ने पिकअप को मारी टक्कर,मौत

चालक की मौके पर हुई मौत
बिलासपुर। हिरीं थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। भोजपुरी टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार वाहन ने एक पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप चालक शिवकुमार साहू की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार चालक शिवकुमार साहू पिकअप में खीरा लोड कर कुरुद धमतरी से अंबिकापुर जा रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे भोजपुरी टोल प्लाजा के पास अज्ञात वाहन ने लापरवाहीपूर्वक चलाते हुए उसकी गाड़ी को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। राहगीरों की मदद से चालक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से तत्काल बिल्हा अस्पताल पहुंचाया गया।जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेजा है। वहीं, क्षतिग्रस्त पिकअप को थाने में खड़ा कराया गया है। हिरीं थाना पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।