विधायक अटल ने अमित को जूस पिलाकर तुड़वाया अनशन,अरपा पार को पृथक नगर निगम बनाने की मांग पर आमरण अनशन

अमित तिवारी बोले—अनशन खत्म, आंदोलन जारी रहेगा
7 दिन तक नहीं पहुंचा प्रशासन
बिलासपुर। अरपा पार क्षेत्र को पृथक नगर निगम बनाने की मांग को लेकर नागरिक सुरक्षा मंच के संस्थापक अमित तिवारी का सात दिन से जारी आमरण अनशन आखिरकार समाप्त हो गया। सात दिनों तक अनशन स्थल पर प्रशासन का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। रविवार को कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव आंदोलन स्थल पहुंचे और अमित तिवारी को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया।
अमित तिवारी ने 1 सितंबर से पृथक नगर निगम की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू किया था। सात दिनों तक अनशन जारी रहने के बावजूद प्रशासन की ओर से किसी अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर क्षेत्रवासियों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि मांग पर सहमति या असहमति अपनी जगह है, लेकिन इतने लंबे समय तक आमरण अनशन के बावजूद प्रशासन की ओर से संवाद की पहल नहीं होना गंभीर सवाल खड़े करता है।
पृथक निगम की मांग पर आंदोलन जारी
रखने की बात
अनशन समाप्त होने के बाद अमित तिवारी ने कहा कि आमरण अनशन भले ही खत्म हो गया है, लेकिन अरपा पार को पृथक नगर निगम बनाने की मांग खत्म नहीं हुई है। आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि अरपा पार क्षेत्र में बड़ी आबादी निवास करती है और क्षेत्र को बेहतर सड़क, सफाई, पेयजल, नाली, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य नगरीय सुविधाओं की आवश्यकता है। उनका तर्क है कि पृथक नगर निगम बनने से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेगी।
प्रशासन की दूरी पर उठे सवाल
आंदोलन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि किसी मांग को स्वीकार करना या नहीं करना शासन का निर्णय हो सकता है, लेकिन सात दिनों तक आमरण अनशन चलने के बावजूद प्रशासन की ओर से आंदोलनकारी से संवाद नहीं करना उचित नहीं है। उनका कहना है कि कम से कम प्रशासन को मौके पर पहुंचकर आंदोलनकारी की बात सुननी चाहिए थी।अनशन समाप्त कराने के दौरान कांग्रेस नेता आशीष सिंह, राजेश शुक्ला, देवेंद्र मिश्रा, रमेश सोनकर, मनोज शर्मा, ऋषि गौतम, राजेंद्र गौतम, अरविंद शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।