सट्टे के 6 बड़े खाईवालों पर 5-5 हजार का इनाम घोषित,
गिरफ्तारी से बचने के लिए जिले से हुए फरार
चर्चित खाईवाल राज, रोहित, सागर, राजा, सोमू और प्रकाश की सूचना पर इनाम
बिलासपुर।जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और सट्टापट्टी के बड़े खाईवालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।एसएसपी के निर्देश पर फरार 6 सटोरियों के खिलाफ इनाम घोषित किया गया है।इसके अलावा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
सिविल लाइन थाना में दर्ज अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे छह आरोपियों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। यह पहली बार है, जब जिले के चर्चित सट्टा संचालकों पर इस तरह इनाम घोषित किया गया है, जिससे सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और सट्टापट्टी के अवैध कारोबार पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।पुलिस के अनुसार ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने के मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे हैं और गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है, लेकिन आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे है।
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के बड़ा नेटवर्क करता है काम
पुलिस का कहना है कि जिले में फरार आरोपियों का बड़ा नेटवर्क है जिनका बाहर से नेटवर्क जुदा हुआ है।जो बाहर के लोगो को शामिल करके ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने का काम करते है।
इसमें ऐसे कई व्यापारी भी शामिल है जो पर्दे के पीछे रहकर पैसा लगाने का काम करते है।फरार आरोपियों के पकड़ के आने के बाद अन्य लोगो के जुड़े हुए लोगों की भी जानकारियां आसानी से मिल सकेगी।इसके लिए लगातार आरोपियों का खोजबीन की जा रही है।
सट्टेबाजों की संपत्ति का रिकॉर्ड भी खंगाल रही पुलिस
जिले में सट्टे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत पुलिस ने पहले ही सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्ति का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस टीम सट्टेबाजों की चल-अचल संपत्तियों की जानकारी
जुटा रही है, ताकि अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति पर भी आगे कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों के मुताबिक आने वाले समय में सट्टा कारोबार पर और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
चर्चित और फरार सटोरिए
सागर चेतवानी पिता हरिराम उम्र 37 वर्ष निवासी दुबे गली शिवघाट पुराना सरकंडा, वर्तमान निवासी रामबैली चकर भाठा।
रोहित पंजवानी पिता नारायण दास उम्र 36 वर्ष निवासी चकरभाठा कैम्प नगर पंचायत बोदरी थाना चकर भाठा।
राजेश उर्फ राजा बजाज पिता किशन बजाज उम्र 31 वर्ष निवासी गार्डन सिटी मोपका रोड राजकिशोर नगर।
प्रकाश पंजवानी पिता हरिराम पंजवानी उम्र 37 वर्ष निवासी सांई भूमि तोरखा।
सोमू उर्फ अभिजीत दुबे पिता सतीश दुबे उम्र 38 वर्ग निवासी मिलन चौक कुदुदंण्ड
राज चेतानी पिता दिलीप चेतानी उम्र 35 वर्ष निवासी सिधी कॉलोनी थाना सिविल लाईन।
वर्जन
क्रिकेट सट्टा संचालित करने के मामलों में फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। सूचना देने वाले को 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
निमितेश सिंह,
सीएसपी सिविल लाइन