सड़क हादसे में 5 युवकों की मौत की खबर
बालोद।छत्तीसगढ़ के बालोद में नेशनल हाईवे-30 पर आज शुक्रवार को सड़क हादसे में 5 युवकों की मौत की खबर आ रही है।
दरअसल मरकाटोला घाट के पास खड़ी DJ से बंधी पिकअप को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक सड़क पर ही पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप में करीब 10 युवक सवार बताए जा रहे हैं। एकाएक घटे इस हादसे में 5 लोगों की मौत की जानकारी मिल रही है।
बताया जाता है कि हादसे में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई।
हादसे में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है।
घायलों का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है, घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने की कार्रवाई के दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।