सुकमा में बड़ी मुठभेड़, 2 इनामी एसीएम समेत 3 माओवादी ढेर, हथियार-विस्फोटक बरामद

सुकमा जिले के थाना गोलापल्ली क्षेत्र अंतर्गत गोंदीगुड़ा के जंगल पहाड़ी में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला माओवादी सहित कुल तीन माओवादी मारे गए हैं। मारे गए माओवादियों में दो पुरुष एसीएम रैंक के इनामी नक्सली और एक महिला एलओएस सदस्य शामिल है।
पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चव्हाण के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना पर सुकमा डीआरजी टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। 18 दिसंबर 2025 की सुबह से जंगल क्षेत्र में रुक-रुक कर मुठभेड़ होती रही। सर्च के दौरान मुठभेड़ स्थल से एक महिला और दो पुरुष माओवादियों के शव हथियारों व नक्सल सामग्री के साथ बरामद किए गए।
मारे गए माओवादियों की पहचान माड़वी जोगा उर्फ मून्ना और सोढ़ी बंडी के रूप में हुई है, दोनों एसीएम रैंक के इनामी माओवादी थे जिन पर 5-5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं महिला माओवादी नुप्पों बजनी एलओएस सदस्य थी, जिस पर 2 लाख रुपये का इनाम था।
मुठभेड़ स्थल से 9 एमएम सर्विस पिस्टल, 12 बोर भरमार बंदूक, बीजीएल सेल, टिफिन बम सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली सामग्री बरामद की गई है।
बस्तर रेंज के आईजीपी सुंदरराज पट्टलिंगम ने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक सुरक्षाबलों की संयुक्त कार्रवाई में 255 माओवादी मारे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर में माओवाद अपने अंतिम दौर में है और सक्रिय माओवादियों से सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की गई है।