सूने मकान का ताला तोड़ जेवर और नकदी समेत 80 हजार पार
घर वाले जीएक्स कम पर
बिलासपुर। जोरापारा में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए घर के पीछे लगे जालीदार दरवाजे को काटकर अंदर घुसे और घर में रखी तीन आलमारियों का ताला तोड़कर सोने के जेवर और नगदी रकम समेत कुल 80 हजार रूपए पार कर दिए। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित परवेश सोनी गोल बाजार बिलासपुर में इडली-डोसा की दुकान संचालित करता है और अपने परिवार के साथ जोरापारा सरकंडा में रहता है। पीड़ित परवेश सोनी ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी सोनिका सोनी 6 मई को अपने मायके गई हुई थी। वहीं 19 मई की सुबह करीब 6:30 बजे वह अपने भाई पंकज सोनी के साथ घर में ताला लगाकर दुकान के लिए निकल गया था। दोनों अपने-अपने काम पर चले गए। दोपहर करीब 1:30 बजे जब पीड़ित दुकान बंद कर घर वापस लौटा तो उसने मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया।
इसके बाद घर के मुख्य दरवाजे को खोलने की कोशिश की गई, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद मिला। संदेह होने पर उसने अपने पड़ोसी एवं रिश्तेदार समीर शुक्ला सहित अन्य लोगों को बुलाया। सभी की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। घर के अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में रखा सामान बिखरा पड़ा था और आलमारियों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि चोर घर के पीछे की ओर लगे जालीदार दरवाजे को काटकर अंदर घुसे थे। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग कमरों में रखी दो आलमारियां तथा भाई पंकज सोनी के कमरे में रखी एक आलमारी का ताला तोड़ दिया।
घटना के समय घर में नहीं थे लोग, तब हुई चोरी
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर एक बच्चे की सोने की चैन जिसमें दो लॉकेट लगे थे, एक सोने की अंगूठी और करीब 50 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपए बताई जा रही है। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। वहीं पत्नी के मायके से वापस लौटने के बाद आलमारी में रखे सामान और नगदी की जानकारी सामने आई। इसके बाद परिवार ने सलाह-मशवरा कर सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से पूछताछ कर जांच में जुटी
इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।इसके साथ ही आसपास के लोगो से भी पूछताछ की जा रही है।ताकि चोरी करने वाले आरोपियों का कुछ पता चल सकें ।