जांजगीर-चांपा: करही गांव में शराब पीने से दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने बिर्रा चौक में किया चक्काजाम, जांच टीम गठित

जांजगीर-चांपा। जिले के करही गांव में शराब पीने से दो युवकों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने बिर्रा चौक पर चक्काजाम कर दिया। मृतकों की पहचान मनोज कुमार कश्यप और सूरज कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों को आशंका है कि शराब में जहर मिलाया गया था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में अवैध शराब बेची जा रही है और शराब बेचने वाले को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की।

घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देश पर एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई है। टीम आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार विवेचना कर रही है।

गठित टीम में बिर्रा, बम्हनीडीह, चांपा, नवागढ़ सहित कई थानों के अधिकारी और जवान शामिल हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।