मरहीमाता मंदिर परिसर में नारियल बेचने को लेकर विवाद
बिलासपुर। भनवारटंक के मरहीमाता मंदिर परिसर में नारियल बेचने वाले दो व्यापारियों के बीच जमकर मारपीट हो गई। महिला ने अपने व अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर डंडे से दूसरे व्यापारी की पिटाई कर दी। जिससे उसे चोट आई है। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
कोटा पुलिस ने बताया कि ग्राम खोंगसरा शांतिनगर निवासी ज्योति ग्राम भनवारटंक मरहीमाता मंदिर में नारियल प्रसाद बेचने का काम करती है। बीते 27 जनवरी की सुबह 11.30 बजे ज्योति अपने पति ओमकार राठौर के साथ नारियल बेच रही थी। बगल में ग्राम कठौतिया निवासी सरोज भी नारियल प्रसाद बेच रही थी। वहीं गोरईन (तीजनबाई) पीड़ित के पास नारियल बेचने लगी। जिससे दर्शनार्थियों को आने जाने में दिक्कत हो रही थी। दर्शनार्थी पीड़ित ओमकार की दुकान से नारियल खरीद रहे थे। इसी बात को लेकर तीजन बाई गुस्से में आकर गाली-गलौज करने लगी। इसी दौरान ज्योति अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगी। तब तीजनबाई ने मोबाइल को जमीन पर पटककर तोड़ दिया। बीच-बचाव करने के बाद विवाद शांत हुआ। दोपहर 2.30 बजे तीजन बाई अपने पति गोरेलाल व दो अन्य महिलाओं के साथ मिलकर ठंडे से ओमकार के साथ मारपीट की। दुकान के नारियल प्रसाद को फेंक दिए।