कलेक्टर परिसर में अर्धनग्न व्यक्ति की हरकत से मचा बवाल

हाथ में पत्थर लेकर दौड़ा युवक, लोगो में मची भगदड़
बिलासपुर। कलेक्टर परिसर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहाँ अचानक एक अर्धनग्न व्यक्ति ने पूरे परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। लोग समझ ही नहीं पाए कि आखिर हो क्या रहा है।मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर परिसर में अचानक एक अर्धनग्न युवक दौड़ते हुए आया और हाथ में पत्थर लेकर लोगों की ओर मारने के लिए दौड़ पड़ा। यह देखकर वहां मौजूद लोग घबरा गए और चारों ओर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। युवक इतना उग्र था कि उसने रास्ते से गुजर रही एक कार के शीशे पर भी पत्थर फेंक दिया, जिससे शीशा टूट गया।कार चालक ने किसी तरह युवक को पकड़ लिया और उसे शांत करने की कोशिश की। इस दौरान मौके पर हल्की झूमाझटकी और मारपीट भी हुई। बाद में चालक ने समझाइश देते हुए युवक को अपनी कार में बिठाया और थाने ले जाने की बात कही।आसपास के लोगों का कहना है कि यह व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हो रहा था। कई लोग इसे इलाके में पहले भी भटकते हुए देख चुके हैं। फिलहाल इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।हालांकि इस घटना से यह सवाल जरूर उठता है कि प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था के बीच ऐसी स्थिति कैसे उत्पन्न हुई। अगर उस समय कोई बड़ी वारदात हो जाती, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होती।