45 साल पुरानी जमीन पर कब्जे का आरोपः पिता ने खरीदी थी ढाई एकड़ जमीन,रिकॉर्ड में नाम बदलने का दावा

,
पीड़ित परिवार ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
बिलासपुर।पचपेड़ी थाना क्षेत्र में 45 साल पुरानी जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। मुरकुण्या निवासी शीतल दास महंत ने आरोप लगाया है कि उनके पिता लतेल दास महंत द्वारा वर्ष 1977 में खरीदी गई जमीन पर दूसरे लोगों ने कथित रूप से कब्जा कर लिया और राजस्व रिकॉर्ड में नाम भी बदलवा लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुण्डा स्थित लगभग ढाई एकड़ जमीन उनके पिता ने विधिवत खरीदी थी। खरीद के बाद नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कर परिवार वर्षों से उक्त भूमि पर खेती करता आ रहा था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वर्ष 2012-13 के दौरान हरिशचंद्र कुरें समेत अन्य लोगों ने कथित रूप से जमीन अपने नाम दर्ज करा ली। आरोप यह भी है कि विवादित जमीन के लगभग 0.60 एकड़ हिस्से को आगे बेच दिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर परिवार ने राजस्व रिकॉर्ड निकलवाकर जांच कराई, जिसमें जमीन दूसरे लोगों के नाम पर दर्ज मिली। इसके बाद शीतल दास महंत ने पचपेड़ी थाना
पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। वहीं पुलिस का कहना है कि मामला राजस्व एवं भूमि विवाद से जुड़ा है, इसलिए संबंधित पक्ष को न्यायालय की शरण लेने की सलाह दी गई है। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।