
दादी ने बाहर जाने से रोका तो पोते ने खाट के खुरा से सिर पर किया ताबड़तोड़ वार, 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या,आरोपी पोता गिरफ्ता

बिलासपुर। रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या की सनसनीखेज वारदात जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोहर्सी से सामने आई है। यहां बाहर आने-जाने और काम पर जाने से रोकने की बात से नाराज 21 वर्षीय पोते ने अपनी ही 65 वर्षीय दादी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने गुस्से में आकर खाट के लकड़ी के खुरा से दादी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पचपेड़ी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका नरबद कोशले पति स्वर्गीय तिरिथ राम कोशले ग्राम लोहर्सी में रहती थीं। उनका पोता मृत्युंजय कौशल उर्फ बब्बू 21 वर्ष पिता सजन कौशल भी उनके साथ रहता था। बताया जा रहा है कि आरोपी की दादी उसे बार-बार घर से बाहर आने-जाने और अन्य स्थानों पर काम करने जाने से मना करती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति बनती थी।
2 नवंबर को भी आरोपी कहीं बाहर जाना चाहता था, लेकिन दादी ने उसे जाने से रोक दिया। इसी बात से वह इस कदर नाराज हो गया कि उसने अपना आपा खो दिया और घर में रखे खाट के लकड़ी के खुरा से दादी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई।
पिता को फोन कर खुद बताई हत्या की बात
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पिता सजन कौशल रोजी-रोटी कमाने के लिए ऊटी गए हुए हैं। 2 नवंबर की रात करीब 10:22 बजे मृतिका के भाई भागवत महिलांगे को उनके भांजे सजन कौशल का फोन आया। उन्होंने बताया कि उनके बेटे मृत्युंजय कौशल ने फोन कर अपनी दादी नरबद कोशले की हत्या करने की जानकारी दी है।
आरोपी ने अपने पिता को बताया कि दादी उसे बाहर जाने और काम पर जाने से रोकती थीं। इसी बात से गुस्से में आकर उसने खाट के खुरा से उनके सिर पर वार कर हत्या कर दी।
दरवाजा बंद कर घर में ही बैठा रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी अपने घर का दरवाजा बंद कर अंदर ही रहा। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच आरोपी के पिता की सूचना पर डायल 112 को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर का दरवाजा खुलवाकर आरोपी को पकड़ लिया।घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। महज बाहर आने-जाने से रोकने जैसी बात पर पोते द्वारा अपनी बुजुर्ग दादी की हत्या किए जाने से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं।
खिड़की से देखा तो खाट पर खून से लथपथ पड़ी थीं वृद्धा
हत्या की सूचना मिलने पर मृतिका का भाई भागवत महिलांगे अपने पड़ोसियों सुनील बंजारे और सुखसागर भारद्वाज के साथ भांजे सजन कोशले के घर पहुंचा। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पीछे की खिड़की से झांककर देखा तो नरबद कोशले खाट पर उल्टी पड़ी थीं और उनके पैर दिखाई दे रहे थे। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 को दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आवाज देकर दरवाजा खुलवाया। अंदर जाने पर नरबद कोशले खाट पर मृत अवस्था में मिलीं। उनके सिर में गंभीर चोट थी और खून बह रहा था।
फिलहाल पचपेड़ी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






