दीपावली की खुशियों के बीच तिफरा की आरा मिल में भीषण आग

कुछ ही घंटों में जलकर खाक हुआ पूरा कारोबार
चिंगारी से भड़की आग ने मचाई तबाही
आरा मिल संगठन के अध्यक्ष की मिल में लाखों के नुकसान की आशंका
बिलासपुर। दीपावली की रात जब पूरा शहर रोशनी, आतिशबाजी और पूजा-पाठ के बीच त्यौहार की खुशियां मना रहा था, उसी दौरान तिफरा स्थित एक आरा मिल में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि कुछ ही घंटों में पूरा मिल परिसर जलकर खाक हो गया। आगजनी की यह घटना आरा मिल संगठन के अध्यक्ष की मिल में हुई। बताया जा रहा है कि शुरुआत में लगी एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आग की लपटों ने पूरी मिल को अपनी चपेट में ले लिया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना बीती रात करीब दस से ग्यारह बजे के बीच की बताई जा रही है।
मसानगंज वृद्धा आश्रम के पास रहने वाले श्रेष्ठ बत्रा जो कि आरा मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी है उनकी तिफरा स्थित सुभाष आरा मिल में आग लग गई। घटना की पुष्टि करते हुए सिरगिट्टी थाने के टीआई किशोर केवट ने बताया कि फिलहाल घटना का कारण कुछ पता नहीं चला है लेकिन आग पर काबू पा लिया गया है और मिल संचालक को कितने का नुकसान हुआ है यह भी अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। सुभाष आरा मिल के संचालक ने बताया कि सुबह तक आग बुझाने का काम जारी रहा इससे पहले पूरा आरा मिल जलकर खाक हो चुका था।
दीपावली की रात हुई इस आगजनी से मिल में रखी लकड़ियों और अन्य सामान को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही घंटों में मिल का अधिकांश हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। पुलिस का कहना है कि चिंगारी या फिर शार्ट सर्किट से आगजनी की घटना हो सकती है।फिलहाल जांच जारी है।






