सरपंच पति को गाली देने से मना किया तो युवक पर लाठी से हमला,दो पक्षों में हुई मारपीट, एफआईआर दर्ज

बिलासपुर। मस्तूरी थाना अंतर्गत मल्हार चौकी क्षेत्र के ग्राम सरसेनी में पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया।सरपंच पति को गाली देने से मना करने पर पड़ोस में रहने वाले तीन लोगों ने युवक पर लाठी से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए सिर पर लाठियां बरसाईं। बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों को भी नहीं बख्शा गया। मारपीट में तीनों को चोटें आई हैं, जिनमें दो के सिर पर गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है।
मस्तूरी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सरसेनी निवासी राजकुमार ड्राइविंग का काम करता है। 9 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह अपने चाचा नारायण सोल्डे, जो गांव के सरपंच पति हैं, के घर खाना खाने पहुंचा था। रात करीब 8 बजे खाना खाने के बाद वह हाथ-मुंह धोकर खड़ा था। इसी दौरान चाचा के पड़ोस में रहने वाले ललित सोल्डे और उनके घर के लोग पुरानी बात को लेकर नारायण सोल्डे के साथ गाली-गलौज करने लगे। यह देखकर राजकुमार ने ललित सोल्डे के पास जाकर गाली देने से मना किया। इस पर ललित
सोल्डे और उसके साथ मौजूद लोगों ने राजकुमार से कहा कि वह उन्हें रोकने वाला कौन होता है। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने जान से नहीं छोड़ने की धमकी देते हुए लाठी से उसके सिर पर हमला कर दिया। राजकुमार के साथ मारपीट होते देख चाचा रामायण सोल्डे बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी लाठियों से हमला कर दिया। इसके बाद नारायण सोल्डे भी बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना में राजकुमार और रामायण सोल्डे के सिर में चोटें आईं, जबकि सरपंच पति नारायण सोल्डे को भी गंभीर चोट लगी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। आरोपियों में ललित सोल्डे, आर्यन सोल्डे और तीतरी बाई सोल्डे के नाम सामने आए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।
गांव में बना रहा तनाव का माहौल
सरपंच पति की पिटाई होने के बाद गांव के तनाव का माहौल बना रहा और दोनों पक्ष आमने सामने आ गए थे।
जिसके कारण गांव में दहशत बना हुआ है।ग्रामीणों का आरोप है कि मारपीट और गाली गलौच जैसी घटना रोज होती है,लेकिन इस बार की घटना ज्यादा हो गई है जिसके कारण लोगो के डर बना हुआ है।






