
युवक से मारपीट कर पल्सर की लूट,तीन आरोपी गिरफ्तार,वारदात के चंद घंटों में पुलिस ने बरामद की बाइक

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम गनियारी में युवक के साथ मारपीट कर मोटरसाइकिल लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई पल्सर मोटरसाइकिल के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी बरामद की गई है।
कोटा पुलिस के अनुसार, ग्राम समडील तखतपुर निवासी दुर्गेश साहू पिता अनिल साहू 10 नवंबर को घरेलू सामान और पटाखे खरीदने अपनी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीएल 1353 से ग्राम गनियारी आया था। इसी दौरान तीन युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए पैसों की मांग की। विरोध करने पर आरोपी उसकी पल्सर मोटरसाइकिल लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने कोटा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को
देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदेहियों की तलाश शुरू की और कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभय सूर्यवंशी 19 वर्ष, नन्द कुमार केवट 19 वर्ष और नीरज सूर्यवंशी 19 वर्ष के रूप में हुई है। तीनों आजाद चौक मंगला, थाना सिविल लाइन क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की लूटी गई पल्सर बाइक और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की सुजुकी एक्सेस स्कूटी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा पूर्व में सिविल लाइन थाना क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।






