
जमीन बंटवारे के विवाद में बेटे ने की पिता की हत्या,लोहे के हुक से हमला कर पेट्रोल डालकर लगाई आग

बिलासपुर । सीपत थाना क्षेत्र में जमीन के बंटवारे और पैसों के विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले लोहे के हुक से पिता के सिर पर कई वार किए और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। मामले में सीपत पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल घटना ग्राम सेलर की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशाराम केंवट ने वर्ष 2007 में पिता को दिए 20 हजार रुपये वापस मांगने और जमीन में हिस्सा देने को लेकर विवाद किया था। पिता के इनकार करने पर आरोपी ने गुस्से में वारदात को अंजाम दिया।
गंभीर रूप से झुलसे पिता विश्राम केंवट को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को ग्राम बरेली से गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल लोहे का हुक बरामद किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।






