
घर में घुसकर सोने की माला चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार,तकिए में छिपाकर रखा था गहना
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में घर से सोने की माला चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी के बाद माला अपने ही घर में तकिए के अंदर छिपाकर रखी थी। पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये कीमत की सोने की माला बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, बंधवापारा निवासी महिला ने 10 नवंबर की रात सोने की माला अलमारी में रखी थी, जो दो दिन बाद गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की और संदेही अमन श्रीवास्तव उर्फ बिल्लू को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर घर के तकिए में छिपाकर रखी गई सोने की माला बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ पहले से नौ अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।






