
निरीक्षक विनीत दुबे निलंबित: फरार शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ,बस्तर आईजी बदी नारायण मीणा ने 16 नवंबर को जारी किया निलंबन आदेश

तेलीबांधा थाने के अपराध क्रमांक 403/2026 में संदिग्ध आचरण बना कार्रवाई का आधार
रायपुर पुलिस कमिश्नर के 30 अक्टूबर के प्रतिवेदन पर हुई विभागीय कार्रवाई

ढेबर की गिरफ्तारी की योजना लीक होने का मामला पहले भी आया था सामने, खम्हारडीह में दबिश से पहले निकल गया था आरोपी
गोपनीय सूचना लीक प्रकरण में ACCU के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम पहले ही हो चुके हैं निलंबित
निलंबन अवधि में दुबे का मुख्यालय रक्षित केंद्र नारायणपुर, नियमानुसार मिलेगा जीवन निर्वाह भत्ता
रायपुर। फरार शोएब ढेबर से कथित सांठगांठ के आरोपों के बीच रायपुर पुलिस कमिश्नरेट से जुड़े एक और पुलिसकर्मी पर कार्रवाई हुई है। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक बदी नारायण मीणा ने नारायणपुर जिले में पदस्थ निरीक्षक विनीत दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इससे पहले रायपुर में पदस्थ रहे दुबे का नाम अब उस प्रकरण से जुड़ा है, जिसमें पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी आरोपित तक पहुंचने का संदेह सामने आया था।
16 नवंबर 2026 के निलंबन आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 403/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4), 351(3) और 351(4) के संबंध में रायपुर पुलिस कमिश्नर ने 30 अक्टूबर को पत्र क्रमांक पुलिस कमिश्नर/राय./स्टेनो/469/2026 भेजा था।
इस प्रतिवेदन के आधार पर निरीक्षक दुबे का आचरण संदिग्ध तथा विभागीय मर्यादा के प्रतिकूल पाए जाने पर निलंबन किया गया। आदेश में उनका मुख्यालय रक्षित केंद्र, नारायणपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
आदेश की प्रतिलिपि अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (प्रशासन), पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर अटल नगर; पुलिस कमिश्नर, रायपुर; पुलिस अधीक्षक, नारायणपुर तथा संबंधित निरीक्षक को भेजी गई है। नारायणपुर पुलिस अधीक्षक को रायपुर पुलिस कमिश्नर से प्राप्त प्रतिवेदन और संलग्न प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।
*मामले की जड़ में 25 करोड़ की कथित रंगदारी*
यह मामला कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों से जुड़ा है। फरार शोएब ढेबर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने न्यायालय से अनुमति लेकर करीब आधा दर्जन संभावित ठिकानों पर एकसाथ दबिश की योजना बनाई थी।
गौरतलब है कि 3 अक्टूबर को सामने आए घटनाक्रम में पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की जानकारी आरोपित तक पहुंचने की आशंका ने रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के भीतर हलचल पैदा कर दी थी। खम्हारडीह में पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ढेबर का निकल जाना और अन्य संभावित ठिकानों पर भी उसकी गिरफ्तारी नहीं होना इस संदेह की प्रमुख वजह बना था।
उस समय प्रारंभिक जांच में गोपनीय सूचनाओं के कथित लीक होने का मामला सामने आने के बाद *पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) के आरक्षक शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था।* दोनों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए थे, ताकि संवेदनशील जांच संबंधी सूचनाएं बाहर पहुंचने में उनकी संभावित भूमिका और जिम्मेदारी निर्धारित की जा सके।
इसके बाद पुलिस ने ढेबर के संपर्कों और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाते हुए उसकी तलाश तेज की थी। उसके छत्तीसगढ़ से बाहर निकल जाने की आशंका भी सामने आई थी। कांग्रेस नेता कुकरेजा से कथित रंगदारी और जान से मारने की धमकी के मामले की जांच जारी है।
*पुराने विवाद भी चर्चा में*
दुबे का नाम पूर्व में पंकज बेग हत्याकांड से जुड़े विवादों में आने का दावा किया गया है। उनके निजी जीवन से संबंधित गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं।
फिलहाल, निरीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई विभागीय स्तर पर हुई है। होटल में ढेबर से कथित सांठगांठ का विशिष्ट विवरण निलंबन आदेश में दर्ज नहीं है। ऐसे में आरोपों की वास्तविकता और अन्य पुलिसकर्मियों की संभावित भूमिका जांच का विषय बनी हुई है।





