
अपराधी से तंग होकर ग्रामीण फरियाद लेकर पहुंचे कलेक्टर व एसएसपी के चौखट पर, कार्रवाई की मांग

बिलासपुर।न्यायधानी बिलासपुर के ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर अपराधियों और दबंगों के खौफ के खिलाफ आम जनता का सब्र जवाब दे गया है। सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम फरहदा में आतंक का पर्याय बन चुके एक आदतन अपराधी की कारगुजारियों से तंग आकर अब वहां के ग्रामीण सड़कों पर उतर आए हैं और उसके खिलाफ तड़ीपार की मांग रख दी है।
सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा निवासी बदराम यादव नामक व्यक्ति लंबे समय से अपनी आपराधिक हरकतों, आए दिन की मारपीट और गैरकानूनी गतिविधियों के कारण चर्चा में रहा है। उसके आतंक और दबंगई से गांव का आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है।आरोपी के इस लगातार बढ़ते अपराधिक कृत्यों से त्रस्त होकर ग्राम फरहदा के सैकड़ों ग्रामीण अब चुप बैठने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने एकजुट होकर बदमाश के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की है और सीधे बिलासपुर जिला कलेक्टर व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने दो टूक शब्दों में मांग की है कि ऐसे बेलगाम अपराधी को तत्काल प्रभाव से समाज और जिले की सीमा से बाहर किया जाए, ताकि गांव में शांति और कानून का राज कायम हो सके।
पुलिस ने भी बढ़ाई सरगर्मी, गुंडा सूची में शामिल करने की तैयारी
ग्रामीणों के इस मुखर विरोध और आक्रोश को भांपते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी मामले की गंभीरता को पूरी तरह भांप लिया है और त्वरित कार्रवाई के संकेत दिए हैं। सीपत थाना पुलिस ने आरोपी बदराम यादव के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और मामलों की फेहरिस्त खंगालनी शुरू कर दी है।पुलिस महकमे से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसे विधिवत रूप से पुलिस की ‘गुंडा सूची’ में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही, उसकी बढ़ती अराजकता पर स्थायी लगाम कसने के लिए उसे जिला बदर करने का प्रस्ताव भी तैयार किया गया है। सीपत थाने की ओर से विधिवत प्रतिवेदन तैयार कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के माध्यम से जिला कलेक्टर को भेज दिया गया है, ताकि वैधानिक प्रावधानों के तहत तड़ीपार की कार्रवाई को अमलीजामा पहनाया जा सके।





