खेल मैदान पर कब्जा, विरोध करने पर धमकी; देर रात थाने पहुंचे रहवासी

राजकिशोर नगर के तुलसी आवास का मामला
मैदान में कबाड़ की गाड़ियां खड़ी करने और मवेशियों से गंदगी फैलाने का आरोप
पहले भी निगम आयुक्त और एसएसपी से कर चुके हैं शिकायत
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित तुलसी आवास में बच्चों के खेल मैदान पर कब्जे और गंदगी से परेशान रहवासियों ने मंगलवार देर रात सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रहवासियों का आरोप है कि मैदान में कबाड़ की गाड़ियां खड़ी कर दी गई हैं और मवेशियों के खुले घूमने से पूरे मोहल्ले में गंदगी फैल रही है। विरोध करने पर संबंधित परिवार के सदस्यों द्वारा गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती है।
रहवासियों के मुताबिक, रामकुमार साहू का परिवार पिछले 15 से 20 वर्षों से गाय पाल रहा है। मवेशियों को खुले में छोड़ने के कारण मोहल्ले की सड़कों और आसपास गंदगी फैलती है। इसके अलावा बच्चों के खेलने के लिए निर्धारित मैदान में 6 से 7 कबाड़ की गाड़ियां खड़ी कर दी गई हैं। इससे बच्चों के खेलने की जगह भी खत्म हो गई है।
रहवासियों का आरोप है कि जब उन्होंने मैदान से गाड़ियां हटाने और मवेशियों को व्यवस्थित रखने की मांग की तो रामकुमार साहू की बेटी प्रियंका साहू उर्फ छोटी और बेटे रितुराज साहू ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
रहवासियों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पहले भी नगर निगम आयुक्त और एसएसपी से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। लगातार परेशानी से नाराज होकर वे मंगलवार देर रात सामूहिक रूप से सरकंडा थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
वर्जन
एक पक्ष की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नरेश चौहान
थाना प्रभारी सरकंडा






