धान खरीदी केंद्र में 11 बंडल बारदाने जले, चौकीदार गायब,केंद्र में रात के अंधेरे में आगजनी, 30 बंडलों में से 11 जलकर खाक

सीसीटीवी की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल
बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम गोड्डी स्थित धान खरीदी केंद्र में रविवार रात कुछ लोगों ने बारदानों में आग लगा दी। केंद्र में रखे 30 बंडलों में से 11 बंडल जलकर खाक हो गए। बारदानों पर मिट्टी तेल डालकर आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद धान खरीदी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। केंद्र में चौकीदार तैनात नहीं था और सीसीटीवी कैमरे भी बारदानों के भंडारण वाले हिस्से को कवर नहीं कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 4 बजे समिति का लिपिक केंद्र पहुंचा तो बारदानों में आग लगने की घटना सामने आई। जांच में पता चला कि वहां रखे 30 बंडलों में से 11 बंडल पूरी तरह जल चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही समिति के पदाधिकारियों ने इसे साजिश बताते हुए पुलिस को सूचना दी।
हैरानी की बात यह है कि धान खरीदी केंद्र में बारदानों की सुरक्षा के लिए चौकीदार की तैनाती नहीं थी। वहीं, परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बारदानों के भंडारण वाले स्थान को कवर नहीं कर रहे थे। कैमरे चालू थे या नहीं, इसकी भी पुष्टि नहीं हो सकी है।
समिति प्रबंधक कुंदन कुमार ने पचपेड़ी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की जानकारी दी है। वहीं, सीईओ सहकारिता गोधली वर्मा ने मामले की जांच के लिए टीम भेजने की बात कही है। आगजनी के पीछे किसका हाथ है और बारदानों में आग कैसे लगी, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।






