ई-चालान का लिंक खोलते ही मोबाइल हैक,सरकारी कर्मचारी के 96 हजार पार, न ओटीपी मांगा न फोन किया

क्रेडिट कार्ड से 91,786 और बचत खाते से 5 हजार रुपए निकाले
वाट्सएप पर आया था फर्जी चालान का मैसेज
बिलासपुर। साइबर ठग अब बिना ओटीपी मांगे और बिना फोन किए ही लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं। ट्रैफिक ई-चालान के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक के जरिए मोबाइल हैक कर ठगी का नया मामला सामने आया है। तोरवा क्षेत्र के देवरीखुर्द निवासी एक सरकारी कर्मचारी को वाट्सएप पर आए ई-चालान के लिंक ने 96 हजार 786 रुपए का चूना लगा दिया। पीड़ित ने जैसे ही लिंक खोला, ठगों ने उनके क्रेडिट कार्ड और बचत खाते से रकम निकाल ली।
देवरीखुर्द सौरभ पटेल ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे वह गदा चौक के पास खड़े थे। इसी दौरान उनके वाट्सएप पर वाहन का चालान कटने का मैसेज आया। मैसेज में दिए गए लिंक को उन्होंने जैसे ही खोला, मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके एक्सिस बैंक की सक्ती शाखा के क्रेडिट कार्ड से 91 हजार 786 रुपए और बचत खाते से 5 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर लिए।खास बात यह है कि ठगों ने न तो उनसे ओटीपी मांगा और न ही कोई फोन कॉल किया। खाते से रकम निकलने का पता चलते ही सौरभ ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। लिखित शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
ई-चालान के नाम पर पहले भी हो चुकी है ठगी
वाहन चालान के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर ठगी करने का तरीका नया नहीं है। ठग सरकारी विभाग के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर लोगों को लिंक खोलने के लिए प्रेरित करते हैं। लिंक के जरिए मोबाइल में संदिग्ध एप्लिकेशन या फाइल इंस्टॉल होने पर बैंकिंग संबंधी जानकारियां और मोबाइल का नियंत्रण उनके हाथ में पहुंच सकता है।






