
चारा-पानी के अभाव में गुड़ी के गौठान में 100 से अधिक गौवंशों की मौत,1200 राशनकार्डधारियों से 100-100 रुपए वसूली का आरोप
गौठान से 500 मीटर दूर खुले में फेंके जा रहे मृत मवेशियों के शव
बिलासपुर। बेसहारा गौवंशों को सुरक्षित आश्रय, चारा और पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए गौठान किस तरह बदहाली का शिकार हैं, इसकी तस्वीर सीपत तहसील के गुड़ी गांव में सामने आई है। यहां लिमहाईपारा स्थित पंचायत गौठान में रखे गए मवेशियों की लगातार मौत हो रही है। ग्रामीणों का दावा है कि अब तक 100 से अधिक गौवंश दम तोड़ चुके हैं। आरोप है कि गौठान में पर्याप्त चारा-पानी नहीं मिलने के कारण मवेशी भूख-प्यास से मर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्राम पंचायत गुड़ी के सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू ने किसानों की फसलों को मवेशियों से बचाने के लिए पंचायत गौठान में सैकड़ों मवेशियों को रखवाया है। ग्रामीण परमेश्वर साहू के मुताबिक गांव में करीब 1200 राशनकार्डधारी हैं। आरोप है कि गौठान में चारा-पानी की व्यवस्था के नाम पर प्रत्येक राशनकार्डधारी से 100 रुपए वसूले गए। इस हिसाब से करीब 1.20 लाख रुपए एकत्र होने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद गौठान में मवेशियों के लिए पर्याप्त चारा और पानी उपलब्ध नहीं है। ग्रामीणों ने वसूली गई राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।

गौठान से 500 मीटर दूर कंकालों का ढेर
गौठान की बदहाली के साथ मृत मवेशियों के शवों के निस्तारण का मामला भी सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गौठान से करीब 500 मीटर दूर खुले स्थान पर मृत मवेशियों के शव फेंके जा रहे हैं। इसके लिए ट्रैक्टर से शवों को खींचकर वहां डाला जा रहा है। लगातार शव फेंके जाने से मौके पर हड्डियों और कंकालों का ढेर लग गया है। सड़ते शवों से उठ रही दुर्गंध आसपास के खेतों तक पहुंच रही है। इससे किसानों और ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। बदबू के कारण किसान खेतों में जाने से भी कतरा रहे हैं।
सरपंच बोले- 100 नहीं, करीब 50 मवेशियों की मौत
सरपंच दुर्गा प्रसाद साहू ने गौठान की व्यवस्था को गांव के लोगों की सामूहिक जिम्मेदारी बताया है। उनका कहना है कि यहां रखे गए मवेशी केवल गुड़ी गांव के नहीं, बल्कि सीपत, नरगोड़ा, हिंडाडीह सहित आसपास के गांवों के हैं। उन्होंने बताया कि पशु विभाग के डॉक्टर को सूचना देने के बावजूद वे एक दिन भी मौके पर नहीं पहुंचे। ऐसी स्थिति में खुद ही मवेशियों का इलाज कराना पड़ा। सरपंच ने मवेशियों की मौत खुरहा-चपका बीमारी से होने की आशंका जताई है। हालांकि, उन्होंने 100 से अधिक मौतों के दावे को खारिज करते हुए मृत मवेशियों की संख्या करीब 50 बताई है।
जांच और जवाबदेही तय करने की मांग
गुड़ी के गौठान में मवेशियों की मौत और खुले में शव फेंके जाने के मामले ने पंचायत व्यवस्था के साथ पशुपालन विभाग की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने गौठान की वास्तविक स्थिति की जांच कराने, मृत मवेशियों की संख्या का सत्यापन करने, चारा-पानी के लिए जुटाई गई राशि का हिसाब सार्वजनिक करने और मृत पशुओं का सुरक्षित निस्तारण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि गौवंश संरक्षण के नाम पर व्यवस्था खड़ी करने के बावजूद यदि पशुओं को भोजन और पानी तक नहीं मिल पा रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
दोषियों पर होगी कार्रवाई: दुबे
जिला गौ सेवा आयोग समिति के अध्यक्ष धीरेंद्र दुबे ने बताया कि पंचायत द्वारा अस्थायी गौठान संचालित किए जाने की जानकारी मिली है। गौवंशों की मौत किन कारणों से हुई, इसकी जांच जरूरी है। संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






