लोहा कारोबारियों के यहां 4 दिन से आईटी रेड जारी,करोड़ों के लेन-देन की जांच,कुछ कैश भी बरामद

बिलासपुर। बड़े कारोबारी समूह जेपी मित्तल से जुड़े ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी चौथे दिन शनिवार को भी जारी रही। 18 नवंबर से शुरू हुई इस कार्रवाई में अब तक रायपुर समेत छह जिलों में 32 से ज्यादा ठिकानों पर जांच की जा चुकी है। आयकर विभाग की 120 सदस्यीय टीम सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में कारोबारियों के घरों, दफ्तरों और फैक्ट्रियों के साथ उनसे जुड़ी कंपनियों के दस्तावेज, बैंक खाते और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाल रही है।
दरअसल रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सरगुजा और सूरजपुर में एक साथ चल रही इस कार्रवाई की निगरानी भोपाल की सेंट्रल टीम कर रही है। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के करीब 120 आयकर अधिकारी सीआरपीएफ के 80 जवानों की सुरक्षा में जांच कर रहे हैं। अलग-अलग ठिकानों से मिल रही जानकारियां रायपुर कार्यालय भेजी जा रही हैं। विभाग ने अभी तक नकदी, आभूषण या संभावित कर चोरी को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
जांच के दायरे में आए कारोबारी समूह सड़क, भवन, पुल निर्माण, स्टील, सरिया, स्पंज आयरन और कोयले के कारोबार से जुड़े हैं। आयकर विभाग की टीमें अब इन कंपनियों के बीच हुए लेन-देन, खरीद-बिक्री के बिल, बैंक खातों और घोषित कमाई का मिलान कर रही है।
इसमें बिलासपुर में 20 से अधिक लोग शामिल है जो पूरे दस्तावेजों कि जांच कर रहे हैं।इसके अलावा अन्य बारीकियों को भी देख रहे है।
शेयर में निवेश और आईपीओ की तैयारी भी जांच में
आयकर विभाग की जांच में कारोबारी समूहों के शेयर बाजार में किए गए निवेश की जानकारी भी खंगाली जा रही है। विभाग कंपनी के वित्तीय लेन-देन और कारोबारी समूह की दूसरी कंपनियों के बीच संबंधों की जांच कर सकता है।
डिजिटल सबूतों से खुलेगा लेन-देन का नेटवर्क
कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए लैपटॉप, पेन ड्राइव और दूसरे डिजिटल डिवाइस की जांच की जा रही है। इनके जरिए यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि अलग-अलग कंपनियों के बीच कितने रुपए का लेन-देन हुआ और किन बैंक खातों से रकम भेजी गई। इसके साथ ही कागजों में दिखाए गए कारोबार और असल में हुए लेन-देन का मिलान किया जा रहा है। बैंक लॉकरों से मिली ज्वेलरी की कीमत का आकलन और जब्त दस्तावेजों की जांच भी जारी है।
बिलासपुर,अंबिकापुर से सूरजपुर तक कार्रवाई
बिलासपुर से लेकर सरगुजा संभाग में भी आयकर विभाग की टीमों ने कई ठिकानों पर जांच की। अंबिकापुर में कारोबारी के कार्यालय और एक टैक्स वकील के घर पर पड़ताल की गई। टीम सूरजपुर स्थित निवास पर भी पहुंची। इन ठिकानों पर जांच के दौरान कच्चे हिसाब-किताब की बहियां जब्त किए जाने की जानकारी है। आयकर विभाग की टीमें सभी दस्तावेजों और लेन-देन की जांच कर रही है।






