
रेस्टोरेंटों की रसोई में मिलीं खामियां, ग्रेवी-पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे,ईस्ट पार्क,ग्रैंड अंबा, सिल्वर ओक समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

सफाई और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के निर्देश
बिलासपुर। शहर के होटल और रेस्टोरेंटों की रसोई में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के भंडारण और कर्मचारियों की सुरक्षा संबंधी नियमों में लापरवाही सामने आई है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ अभियान के तहत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो होटलों से खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।ईस्ट पार्क से वेज ग्रेवी और पनीर, जबकि ग्रैंड अंबा से टोमैटो ग्रेवी और हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। ग्रैंड अंबा और सिल्वर ओक में मिली कमियों पर सुधार सूचना जारी करने की अनुशंसा की गई।
टीम ने दावते दिल्ली की शिव टॉकीज रोड और टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित दोनों शाखाओं के अलावा मोपका के डाउन टाउन और गुलमोहर रेस्टोरेंट तथा नेहरू चौक के पौष्टिकम का भी निरीक्षण किया। अन्य प्रतिष्ठानों को भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।
मोपका एवं नेहरू चौक क्षेत्र की फर्मों का निरीक्षण
इसी क्रम में विभाग द्वारा मोपका एवं नेहरू चौक स्थित प्रतिष्ठानों डाउन टाउन मोपका, गुलमोहर रेस्टोरेंट मोपका तथा पौष्टिकम नेहरू चौक का भी सघन निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान कमियां पाए जाने पर डाउन टाउन मोपका को सुधार सूचना जारी कर अभिहित अधिकारी को अनुमोदित किया गया।सभी संचालकों को खाद्य पदार्थों में न्यूज पेपर का उपयोग पूर्णतः बंद करने, कर्मचारियों को हमेशा हेड कैप व ग्लव्स पहनने तथा परिसर में ढक्कनयुक्त डस्टबिन रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। जिन फर्मों के पास पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट और कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं था, उन्हें तत्काल बनवाने के लिए निर्देशित किया गया।
कई होटलों में जांच गंदगी और सफाई को लेकर दिए निर्देश
जांच अधिकारियों ने ऐसे कई होटलों में जाकर देखा तो सफाई की कमी मिली,इसके साथ ही कुछ जगहों पर गंदगी मिली,जिसको लेकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई।
इस बीच यह भी कहा गया कि अगर फिर से कुछ खामियां मिली तो सीधे कार्रवाई की जाएगी।
लगातार कार्रवाई होने के बाद भी नहीं सुधर रहे होटल संचालक
ऐसा नहीं है कि लगातार कार्रवाई नहीं हो रही है बल्कि इन दिनों त्योहारी सीजन खत्म होने के बाद भी जांच और कार्रवाई जारी है बावजूद इसके कई होटल,मिठाई वाले और दुकानदार सुधरने का नाम नहीं ले रहे है।यही कारण है कि विभाग अब नहीं सुधरने वाले संचालकों के दुकानों पर सीधे सील लगाने की कार्रवाई करेंगें।
कार्रवाई में शामिल जांच अधिकारी
इस संपूर्ण निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई में अभिहित अधिकारी आर. आर. देवांगन, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीरसागर पटेल, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमिशा मरावी एवं प्रतीक तिवारी उपस्थित रहे।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए यह निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रहेगा।





