
करैत के खतरनाक पलटवार से सर्पमित्र सूरज प्रधान घायल,तीसरी बार जहरीले सांप ने डसा,सांप को लेकर खुद पहुंचा सिम्स अस्पताल


बिलासपुर । दूसरों की जान बचाने के लिए जहरीले सांपों को पकड़ने वाला सर्पमित्र सूरज प्रधान इस बार खुद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने की स्थिति में पहुंच गया। शुक्रवार शाम लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा में एक घर के भीतर घुसे जहरीले करैत सांप का रेस्क्यू करने पहुंचे सूरज को सांप ने डस लिया। हैरानी की बात यह रही कि सर्पदंश का शिकार होने के बाद भी वह घबराने के बजाय सीधे सांप को लेकर सिम्स अस्पताल पहुंच गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा स्थित एक घर में करैत सांप घुसने की सूचना मिलने पर सर्पमित्र सूरज प्रधान उसे सुरक्षित पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचे थे। रेस्क्यू के दौरान अचानक जहरीले करैत ने उन पर हमला कर दिया और काट लिया। इसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सूरज प्रधान अब तक दर्जनों जहरीले और अन्य प्रजातियों के सांपों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ चुके हैं। इस जोखिम भरे काम के दौरान वह तीसरी बार सर्पदंश का शिकार हुए हैं। फिलहाल सिम्स में उनकी
स्थिति और उपचार पर नजर रखी जा रही है। दूसरों को सांपों से सुरक्षित रखने की कोशिश में खुद खतरे का सामना करने वाले सूरज की इस घटना ने एक बार फिर सर्प रेस्क्यू के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और जोखिम को सामने ला दिया है।
सांप काटने के बाद भी उसे पकड़ा और डिब्बे मे बंद कर सिम्स पहुंचा
इसमें सबसे आश्चर्य की बात यह रही कि सांप के काटने के बाद भी वह सांप को पहले पकड़ा और उसके बाद उसे एक डब्बे में भरकर सिम्स में इलाज के लिए पहुंचा,जिसे देखकर लोग आश्चर्य करने लगे।इसी बीच सिम्स में भी कुछ देर के लिए दहशत बना रहा।






