कार में बैठते ही ट्रेलर ने मारी टक्कर, एक ही परिवार के तीन घायल,रतनपुर दर्शन के लिए जा रहा था परिवार, मां की रीढ़ और पिता की पसलियों में गंभीर चोट

बिलासपुर। रतनपुर दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की खुशियां सड़क हादसे में मातम में बदलते-बदलते बचीं। ग्राम निरतू स्थित काके ढाबा के पास चाय पीने के बाद जैसे ही परिवार के तीनों सदस्य कार में बैठे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार युवक और उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दंपती को बेहतर इलाज के लिए रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिवक्ता शशांक पाण्डेय ने पुलिस को बताया कि उनके मित्र रवितोश काले 15 नवंबर की शाम अपनी होंडा सिटी कार सीजी 07 बीवाय 6891 से पिता शशिकांत भार्गव काले और मां मोनिका काले के साथ रतनपुर दर्शन के लिए निकले थे। शाम करीब 6:30 बजे वे ग्राम निरतू स्थित काके ढाबा के पास चाय पीने रुके थे।चाय पीने के बाद तीनों जैसे ही कार में सवार हुए, उसी दौरान रायपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर सीजी 10 बीएम 9694 ने पीछे से कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार तीनों को गंभीर चोटें आईं।हादसे में रवितोश के चेहरे और गर्दन में चोट आई है, जबकि उनकी मां मोनिका काले की रीढ़ की हड्डी और पिता शशिकांत की पसलियों में गंभीर चोट लगी है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





