
नवंबर में 17 साल का रिकॉर्ड टूटा, सामान्य से सात गुना ज्यादा बारिश


59 मिमी बारिश से खेतों में भरा पानी, तेज हवा से धान की फसल खेतों में बिछी
दोबारा बारिश हुई तो बढ़ेगा नुकसान
बिलासपुर। नवंबर में आमतौर पर मौसम शुष्क रहता है। मानसून की विदाई के बाद हल्की ठंड शुरू हो जाती है और बारिश की संभावना लगभग खत्म हो जाती है। लेकिन इस बार बंगाल की खाड़ी से उठे मुरासु और अकवान चक्रवात ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। बिलासपुर में नवंबर की बारिश ने 17 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। 2009 में पूरे महीने 47.8 मिमी बारिश हुई थी, जबकि इस बार 21 नवंबर तक ही 59 मिमी पानी गिर चुका है। लगातार बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में पानी भरने के साथ धान की खड़ी फसल भी गिरकर बिछ गई है।
दरअसल पिछले 10 साल यानी 2016 से 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर में बिलासपुर का मौसम सामान्यतः शुष्क रहा है। इस महीने की सामान्य औसत बारिश महज 8.3 मिमी है। इस दौरान 2021 में सर्वाधिक 9 मिमी और 2020 में 5.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इसके विपरीत इस साल नवंबर में अब तक सामान्य से कई गुना ज्यादा पानी गिर चुका है।20 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तक 7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद शाम 5:30 बजे तक बारिश का आंकड़ा बढ़कर 37 मिमी पहुंच गया। 21 नवंबर को शाम 5:30 बजे तक कुल बारिश 59 मिमी दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान गिरकर 22.9 डिग्री पर पहुंच गया, जो सामान्य से 7.1 डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज किया गया।
खेतों में पानी भरा, धान की फसल जमीन पर बिछी
बारिश थमने के बाद भी किसानों की मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। शनिवार को शहर के आसपास के गांवों परसदा, छतौना, निरतु, तुरकाडीह और मोपका के खेतों में पानी भरा मिला। अकवान के प्रभाव से हुई बारिश के साथ तेज हवाएं भी चलीं, जिससे खेतों में खड़ी धान की फसल गिरकर बिछ गई है। शुक्रवार को हुई अच्छी बारिश के बाद शनिवार सुबह से पानी नहीं गिरा, लेकिन धूप भी नहीं निकली। इससे खेतों में जमा पानी सूख नहीं पाया। किसानों को आशंका है कि यदि दोबारा बारिश हुई तो गिरी हुई फसल को और नुकसान पहुंचेगा।
रायपुर और पेंड्रारोड में भी बदला बारिश का ट्रेंड
नवंबर में असामान्य बारिश का असर सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं है। प्रदेश के दूसरे शहरों में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। रायपुर में नवंबर की सामान्य औसत बारिश 8.2 मिमी है। वहां 3 नवंबर को 4.6 मिमी, 20 नवंबर को 13.6 मिमी और 21 नवंबर को 14.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अंबिकापुर में 2016 से 2025 के बीच नवंबर की सामान्य औसत बारिश 14.2 मिमी रही है। इस बार 20 नवंबर को 7.4 मिमी और 21 नवंबर को 17.5 मिमी पानी गिरा। पेंड्रारोड में नवंबर की औसत बारिश 15.2 मिमी है, जबकि इस बार 21 नवंबर तक 18.4 मिमी बारिश हो चुकी है। जगदलपुर में भी पहले मुरासु चक्रवात का असर देखने को मिला था। 2 नवंबर को इसके प्रभाव से 24 घंटे के भीतर 23.2 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
इधर नवंबर में बदले मौसम के इस मिजाज ने जहां तापमान में गिरावट ला दी है, वहीं खेतों में पककर तैयार हो रही धान की फसल पर संकट खड़ा कर दिया है।
कटी हुई फसल को ज्यादा नुकसान
खेतों में खड़ी फसल की तुलना में कटाई के बाद करपा और खरही के रूप में रखी धान की फसल को अधिक नुकसान हुआ है। कृषि विशेषज्ञ ए के स्वर्णकार के मुताबिक, अब तक की बारिश से कटे हुए धान का लगभग 30 फीसदी हिस्सा प्रभावित हो चुका है। रायपुर, महासमुंद, बेमेतरा, बिलासपुर और कांकेर समेत कई जिलों में खेतों में पानी भर गया है। इससे पककर तैयार धान की बालियां जमीन पर बिछकर पानी में डूब गई हैं, जिससे उनमें सड़न और अंकुरण का खतरा बढ़ गया है।
धान खरीदी भी प्रभावित
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान शुरू हो चुका है, लेकिन बारिश के कारण कटाई और मिंजाई का काम रुक गया है। खरीदी केंद्रों में खुले में रखा धान भी भीगने से उसकी गुणवत्ता खराब होने की चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री की घोषणा से किसानो को उम्मीद बढ़ गई है। उन्होंने ने प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराने के नुकसान सर्वे कराकर किसानों को मदद पहुंचाने के निर्देश सभी कलेक्टरों को दिए हैं। किसान सर्वे शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं ।






