

टोल प्लाजा से गुजरते ही कट रहा ई-चालान,वाहन मालिकों में हड़कंप,पीयूसी नहीं होने पर पहुंच रहा 1500 रुपये तक का जुर्माना

न हॉर्न बजाने का मामला,न ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने का
गाड़ी के दस्तावेजों की डिजिटल जांच कर रहे एएनपीआर कैमरे
बिना वैध पीयूसी और फिटनेस वाले वाहन परिवहन विभाग के रडार पर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित टोल प्लाजा से गुजरना अब वाहन मालिकों के लिए एक नई परेशानी का कारण बन रहा है। दुर्ग बायपास, भोजपुरी,महासमुंद, तरपोंगी सहित प्रदेश के अलग-अलग टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहन मालिकों के मोबाइल पर अचानक ई-चालान के मैसेज पहुंच रहे हैं। किसी को 800 रुपये तो किसी को जीएसटी सहित 1500 रुपये से अधिक का चालान मिल रहा है। अचानक आए इन संदेशों ने वाहन मालिकों को असमंजस में डाल दिया है। कई लोग समझ नहीं पा रहे कि आखिर उन्होंने ऐसा कौन सा यातायात नियम तोड़ दिया, जिसके लिए उनके खिलाफ जुर्माना लगाया गया है। कुछ लोगों को तो यह भी लग रहा है कि कहीं हॉर्न बजाने या किसी अन्य ट्रैफिक नियम के उल्लंघन के कारण तो चालान नहीं काटा गया है।
दरअसल, इसके पीछे परिवहन विभाग की डिजिटल निगरानी व्यवस्था काम कर रही है। टोल प्लाजा पर लगाए गए ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन कैमरे वाहनों की नंबर प्लेट को स्कैन करते हैं। इसके बाद संबंधित वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर परिवहन विभाग के वाहन डेटाबेस से मिलाया जाता है। इस प्रक्रिया में वाहन के जरूरी दस्तावेजों की वैधता जांची जाती है। यदि पीयूसी बीमा, फिटनेस या परमिट जैसे अनिवार्य दस्तावेजों में कोई कमी पाई जाती है तो ई-डिटेक्शन सिस्टम के माध्यम से ई-चालान जारी कर दिया जाता है।
2023 से लागू है ई-डिटेक्शन व्यवस्था
यह कोई अचानक शुरू हुई व्यवस्था नहीं है। छत्तीसगढ़ में परिवहन विभाग ने वर्ष 2023 में ही ई-डिटेक्शन प्रणाली लागू करने की शुरुआत कर दी थी। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की तकनीकी मदद से तैयार इस व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे वाहनों की पहचान करना है जो आवश्यक दस्तावेजों के बिना सड़कों पर चल रहे हैं। शुरुआती व्यवस्था में टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों का डेटा लेकर उसे परिवहन विभाग के वाहन रिकॉर्ड से मिलाया जाता था। दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर ई-चालान जनरेट कर वाहन मालिक को एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाती है।
एनआईसी के अप्रैल 2026 के प्रकाशन में उपलब्ध जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ में यह व्यवस्था 22 एनएचएआई टोल प्लाजा और 37 एएनपीआर कैमरों के माध्यम से संचालित थी। इस प्रणाली से लगभग डेढ़ वर्ष में 73 हजार से अधिक ई-चालान जारी किए जाने का उल्लेख है। इससे स्पष्ट है कि अब यह निगरानी व्यवस्था बड़े स्तर पर काम कर रही है।
पीयूसी के साथ बीमा और फिटनेस भी जांच के दायरे में
वाहन मालिकों को यह समझना जरूरी है कि जांच केवल पीयूसी प्रमाणपत्र तक सीमित नहीं है। परिवहन विभाग की ई-डिटेक्शन प्रणाली के जरिए वाहन का वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र, फिटनेस, परमिट और मोटर वाहन कर संबंधी जानकारी भी जांची जा सकती है। हालांकि निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए दस्तावेजों की अनिवार्यता अलग-अलग होती है। उदाहरण के लिए, फिटनेस और परमिट संबंधी नियम मुख्य रूप से परिवहन वाहनों पर लागू होते हैं।इसलिए किसी वाहन का चालान आने पर सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि उसमें किस दस्तावेज की कमी बताई गई है। केवल चालान की रकम देखकर उसके कारण का अंदाजा लगाना सही नहीं होगा।
जानकारी के अभाव में लोगों को लग रहा आर्थिक झटका
इस पूरी व्यवस्था को लेकर वाहन मालिकों की सबसे बड़ी शिकायत जानकारी के अभाव की है। उनका कहना है कि टोल प्लाजा से गुजरने पर इस तरह दस्तावेजों की जांच और चालान जारी होने की जानकारी अधिकांश लोगों को नहीं है। ऐसे में अचानक मोबाइल पर 800 से लेकर 1500 रुपये या उससे अधिक का चालान पहुंचने से वे परेशान हो रहे हैं। खासकर ऐसे वाहन मालिकों को परेशानी हो रही है जिन्हें यह तक पता नहीं कि उनके पीयूसी प्रमाणपत्र की वैधता कब समाप्त हो गई।डिजिटल निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करना अपनी जगह जरूरी है, लेकिन वाहन मालिकों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग की है। टोल प्लाजा, पेट्रोल पंप और पीयूसी केंद्रों के माध्यम से व्यापक प्रचार किया जाए तो लोग समय रहते अपने दस्तावेज अपडेट करा सकते हैं। इससे अनावश्यक चालान और विवाद दोनों से बचा जा सकता है।
पूर्व एएसपी बोले,चालान आने पर
घबराये नहीं बल्कि जांच करे
वाहन मालिकों को सलाह है कि मोबाइल पर चालान का संदेश आने पर घबराने के बजाय पहले उसकी वास्तविकता और कारण की जांच करें। इसके लिए केंद्र सरकार के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल पर वाहन नंबर डालकर चालान का विवरण देखा जा सकता है। चालान में उल्लिखित उल्लंघन, संबंधित दस्तावेज और राशि की पुष्टि करने के बाद ही भुगतान करें। यदि वाहन के सभी दस्तावेज वैध होने के बावजूद चालान जारी हुआ है तो संबंधित परिवहन कार्यालय में प्रमाणपत्रों के साथ शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
पूर्व एएसपी बोले,
टोल प्लाजा पर लगे एएनपीआर कैमरे वाहनों के नंबर के आधार पर दस्तावेज की जांच होती है
पूर्व ट्रैफिक एडिशनल एसपी बिलासपुर रामगोपाल करियारे ने इस व्यवस्था को स्पष्ट करते हुए बताया कि टोल प्लाजा पर लगे एएनपीआर कैमरे वाहनों के नंबर के आधार पर उनकी दस्तावेज संबंधी स्थिति का पता लगा लेते हैं। जिन वाहनों के जरूरी प्रमाणपत्र अपडेट नहीं होते, उनके मालिकों को ई-चालान भेजे जा रहे हैं। इसलिए टोल से गुजरने के बाद मोबाइल पर चालान का संदेश आने का मतलब यह नहीं है कि वाहन चालक ने सड़क पर कोई यातायात नियम तोड़ा है। इसकी वजह वाहन के दस्तावेजों में कमी भी हो सकती है।






