सेंट्रल यूनिवर्सिटी में फिर चोरी, 70 हजार के कंप्यूटर उपकरण पार

कॉमर्स विभाग की लैब से 5 सीपीयू 5 यूपीएस बैटरी समेत सामान गायब
सुरक्षा पर हर महीने 30 लाख खर्च, फिर भी चोरियां नहीं थम रहीं
बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था पर हर महीने लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। अब चोरों ने कॉमर्स विभाग की कंप्यूटर लैब को निशाना बनाते हुए करीब 70 हजार रुपये के उपकरण पार कर दिए। लैब से 5 सीपीयू, 5 यूपीएस बैटरी, 3 माउस और 3 कीबोर्ड गायब मिले हैं। विभागाध्यक्ष की शिकायत पर कोनी पुलिस ने चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दरसाल पूरी घटना 18 नवंबर की शाम की है। विभाग का कार्यालय बंद होने के बाद चोरों ने कंप्यूटर लैब में रखे उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया। अगले दिन 19 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे विभाग के चपरासी ने लैब का ताला खोला तो उपकरण गायब मिले। इसकी जानकारी विभागाध्यक्ष मुंशी राम को दी गई। निरीक्षण के दौरान पांच सीपीयू, पांच यूपीएस बैटरी, तीन माउस और तीन कीबोर्ड गायब पाए गए। इनकी कुल कीमत करीब 70 हजार रुपये आंकी गई है।विभागाध्यक्ष ने 18 नवंबर को लैब में पढ़ाई करने वाले एमकॉम और पीएचडी के छात्र-छात्राओं से भी पूछताछ की। छात्रों ने बताया कि शाम को विभाग बंद होने तक सभी कंप्यूटर और उपकरण अपनी जगह पर मौजूद थे। इसके बाद चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई। कोनी पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
सुरक्षा पर हर महीने 30 लाख खर्च, फिर भी नहीं थम रही वारदातें
केंद्रीय विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर हर महीने करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कैंपस के विभागों में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। मार्च 2025 में चोर कॉमर्स, मैनेजमेंट, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान समेत पांच विभागों से प्रोजेक्टर चोरी कर ले गए थे। उस समय विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पुलिस में एफआईआर तक दर्ज नहीं कराई थी।
बाद में विश्वविद्यालय के बाबू राजबदर ने लिखित में चोरी की बात स्वीकार की थी और भविष्य में ऐसी घटना नहीं दोहराने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद भी चोरी की घटनाएं नहीं रुकीं। कॉमर्स विभाग के एक पीएचडी शोधार्थी का पर्स और मोबाइल चोरी हुआ। स्टेशनरी का सामान भी गायब होने की शिकायतें सामने आईं।
फैक्ट फाइंडिंग कमेटी की रिपोर्ट एक साल बाद भी नहीं
लगातार चोरी की घटनाओं के बाद विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की थी। कमेटी को घटनाओं की पड़ताल कर जिम्मेदारी तय करनी थी, लेकिन करीब एक साल बीतने के बाद भी उसकी रिपोर्ट सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब पहले की घटनाओं की जांच और जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हुई तो कैंपस में सुरक्षा व्यवस्था कैसे सुधरेगी।एक तरफ सुरक्षा पर हर महीने 30 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं, दूसरी ओर विभागों की प्रयोगशालाओं से उपकरण गायब हो रहे हैं। अब ताजा चोरी के मामले में पुलिस जांच के साथ विश्वविद्यालय प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में है।
वर्जन
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी गई है।सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगो से भी पूछताछ की जा रही है।
पंकज कुमार पटेल
एएसपी सिटी






