
बॉडी ट्रांसफार्मेशन को लेकर सुर्खियों में रहे आईएएस अवनीश शरण अब मैराथन में, 21 किमी दौड़े


बिलासपुर। बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर
सुर्खियों में रहे छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश शरण ने बिलासपुर मैराथन 3.0 में अपने जीवन की पहली 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन सफलतापूर्वक पूरी कर सभी को प्रेरित किया। बिलासपुर जिले के पूर्व कलेक्टर अवनीश शरण के मैदान में उतरने से धावकों का उत्साह दोगुना हो गया। सुबह आयोजित मैराथन में बिलासपुर और आसपास के क्षेत्रों से 750 से अधिक धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में दौड़ लगाकर स्वस्थ व सक्रिय जीवनशैली का संदेश दिया।
दरसल छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने 45 साल की उम्र में अपना जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन कर 6 पैक एब्स बनाए हैं। रायपुर डेवलपमेंट अथॉरिटी के कमिश्नर की जिम्मेदारी संभालते हुए और 2024 में हुई एक मेजर सर्जरी के बाद उन्होंने महज कुछ महीनों के अनुशासन से यह फिटनेस हासिल की है।
सर्जरी से मैराथन और 6 पैक एब्स तक का सफर
बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन को लेकर सुर्खियों में रहे छत्तीसगढ़ कैडर के 2009 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अवनीश कुमार शरण ने बिलासपुर मैराथन 3.0 में 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन पूरी कर सभी को प्रेरित किया, जहां पहली बार चिप आधारित टाइमिंग तकनीक का इस्तेमाल हुआ और 750 से अधिक धावकों ने भाग लिया। वर्ष 2024 में बड़ी सर्जरी और व्यस्त प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने जून 2025 से अनुशासन के साथ फिटनेस पर काम शुरू किया, जिससे बॉडी फैट 30% से सिंगल डिजिट में आ गया, कोलेस्ट्रॉल सुधरा और उन्होंने बिना किसी शॉर्टकट के 6-पैक एब्स हासिल किए।
सर्जरी के बाद वापसी और सेहत में बड़ा सुधार
2024 में सर्जरी और भारी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने जून 2025 में नए संकल्प के साथ अपनी फिटनेस पर काम शुरू किया और अपनी बेटी के जन्मदिन तक सबसे फिट बनने का लक्ष्य रखा। इस अनुशासित रूटीन का सीधा असर उनके स्वास्थ्य पर दिखा, उनका बॉडी फैट 30% से घटकर सिंगल डिजिट में आ गया। इसके अलावा उनका कुल कोलेस्ट्रॉल 278 से घटकर 158 और बैड कोलेस्ट्रॉल 205.2 से गिरकर 83 पर पहुंच गया।
स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और प्रोग्रेसिव ओवरलोड
वे सप्ताह में 5 से 6 दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करते हैं। मांसपेशियों को सुरक्षित रखने और मजबूत बनाने के लिए उन्होंने धीरे-धीरे वजन और वर्कआउट की तीव्रता में इजाफा किया। उन्होंने कार्डियो को सजा की बजाय केवल हृदय की सेहत के लिए सीमित मात्रा में अपनाया। प्रतिदिन पैदल चलना और दिन भर सक्रिय रहना उनकी दिनचर्या का अहम हिस्सा रहा।
चोट से बचाव और फिटनेस को टिकाऊ बनाए रखने के लिए उन्होंने कसरत के साथ-साथ स्ट्रेचिंग और रिकवरी पर भी उतना ही ध्यान दिया।
घर का खाना और कैलोरी ट्रैकिंग पर जोर
इसके लिए डाइट प्लान के बजाय उन्होंने पूरी तरह घर के बने भोजन और लीन प्रोटीन स्रोतों को प्राथमिकता दी।
वे रोजाना अपनी कैलोरी ट्रैक करते थे और उनकी थाली में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट्स, हरी सब्जियां व मौसमी फल शामिल रहे।
उन्होंने बाहर के प्रोसेस्ड फूड और चीनी का सेवन लगभग बंद कर दिया तथा पूरे दिन पर्याप्त पानी पिया।
नींद, निगरानी और मैराथन की उपलब्धि
काम के दबाव के बावजूद वे हर रात 6 से 7 घंटे की गहरी नींद लेते थे, रोजाना अपना वजन मापते थे और नियमित रूप से ब्लड टेस्ट के जरिए अपनी सेहत की निगरानी करते थे। इसी फिटनेस और अनुशासन के दम पर उन्होंने बिलासपुर मैराथन 3.0 में 21 किमी की दौड़ भी पूरी की। इस आयोजन में पहली बार चिप आधारित टाइमिंग तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे धावकों का सटीक रेस टाइम दर्ज हो सका और 750 से अधिक धावकों से अलग-अलग श्रेणियों में हिस्सा लेकर स्वाश जीवनशैली का संदेश दिया।






