बिलासपुर में इंस्टाग्राम विवाद ने पकड़ा तूल,घर पहुंचकर दो पक्षों में मारपीट,पांच महिलाएं घायल

बिलासपुर। बिलासपुर के नाऊ मोहल्ले में इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज के बाद दो पक्षों में घर पहुंचकर मारपीट हुई, जिसमें पांच महिलाएं घायल हुईं, दोनों पक्षों ने शिकायत की।इंस्टाग्राम पर पुरानी विवाद को लेकर शुरू हुई गाली-गलौज के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। घटना में पांच महिलाएं घायल हुई हैं।
पूरा मामला तारबाहर थाना क्षेत्र के नाऊ मोहल्ले का है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। तारबाहर आनंदा होटल के पीछे रहने वाली नेहा खांडे ने मारपीट की शिकायत की है। महिला ने पुलिस को बताया कि अलीशा डेविड ने इंस्टाग्राम पर गाली-गलौज की। दोपहर करीब दो बजे अलीशा अपनी सहेलियों सिया बहादुर और आशा ध्रुव के साथ उनके घर पहुंची और विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई मकान मालकिन सुनीता पटेल और उनकी बेटी सानिया पटेल से भी मारपीट की गई। इसमें चारों को चोटें आईं। वहीं, अलीशा डेविड निवासी अटल आवास देवरीखुर्द ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर गाली देने के संबंध में पूछने पर नेहा और उसके मकान मालिक ने मारपीट की। मकान मालिक ने धारदार वस्तु से उसकी कलाई पर वार किया। बीच-बचाव करने पहुंची आशा और सिया के साथ भी मारपीट की गई। इसमें तीनों घायल हुई हैं। दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






