जली हड्डियों से होगा डीएनए टेस्ट,पुरानी रंजिश,लव एंगल और जमीन विवाद समेत हर पहलू पर जांच तेज

बिलासपुर । कोटा ब्लॉक के शिवतराई रोड स्थित सरैया गांव में मिले युवक के शव की शिनाख्त तीसरे दिन भी नहीं हो सकी है। इस सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी दिनोंदिन और उलझती जा रही है।
पुलिस यह मानकर चल रही है कि शव मुंगेली से लापता युवक का हो सकत है, लेकिन शव के 90 प्रतिशत से अधिक हिस्से के जल जाने के कारण परिजन उसकी पहचान करने से इनकार कर रहे हैं। इसमें हैरानी की बात यह है कि परिजनों ने जिस बाइक और रियलमी के ईयरबड के बारे में बताया था, वे दोनों साक्ष्य क्राइम सीन से फोरेंसिक टीम को मिल चुके हैं, इसके बावजूद पहचान को लेकर संशय बरकरार है।
दरअसल अब पुलिस इस जली हुई लाश की पहचान स्पष्ट और पुख्ता करने के लिए डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में जुट गई है। परिजनों के आने की उम्मीद में घटना के 48 घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका था। अब पुलिस पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी कर मेडिको लीगल प्रक्रिया के तहत डीएनए जांच के लिए सैंपल सुरक्षित करेगी। फोरेंसिक टीम को शव की हड्डियां सुरक्षित मिली थीं, जिनसे सैंपल लेकर मुंगेली के संदेही मृतक मिथिलेश वर्मा के परिजनों के ब्लड सैंपल से मिलान कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस परिजनों के इनकार के बावजूद मुंगेली निवासी कियोस्क संचालक मिथिलेश वर्मा के लापता होने और उसकी बाइक व रियलमी ईयरबड के घटनास्थल तक पहुंचने के बीच की कड़ियां जोड़ने में लगी है। साथ ही अज्ञात युवक की बेरहमी से हत्या किन कारणों से की गई, इसकी भी गहन पड़ताल चल रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, लव एंगल और जमीन विवाद समेत हर संभावित पहलू पर जांच को आगे बढ़ा रही है।
मौके पर मिले पेंचिस, पानी के गिलास
सीन ऑफ क्राइम की टीम को घटनास्थल से जीआई तार, एक पेंचिस, जले हुए मोबाइल की स्क्रीन, ईयरबड, बाइक, पानी की बोतल और एक डिस्पोजल में आधा गिलास पानी मिला है। हालांकि बारिश होने के कारण फुटप्रिंट और गंध समेत कई अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य प्रभावित हो चुके थे।
टेक्निकल टीम सीसीटीवी खंगाल रही
इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की पूरी टीम सक्रिय है। एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के साथ एसीसीयू प्रभारी व सीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के नेतृत्व में टीम काम कर रही है। टेक्निकल टीम ग्रामीण क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एक फुटेज में संदेही मृतक मिथिलेश वर्मा भी पुलिस को दिखाई दिया है, जिसके आधार पर उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया जा रहा है।
कॉल हिस्ट्री से खुल सकते हैं राज
पुलिस ने संदेही मृतक के मोबाइल नंबर की कॉल लॉग हिस्ट्री में आखिरी बार संपर्क किए गए नंबरों की जांच भी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि कॉल डिटेल और संपर्क सूत्रों से इस अंधे कत्ल से जुड़े कई अहम राज सामने आ सकते हैं। इसके अलावा परिजनों और संदेही से जुड़े लोगों से भी पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि हर कड़ी को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
जली हड्डियों से भी हो सकती है पहचान, माता-पिता का सैंपल जरूरी
सुपर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. बीपी सिंह ने बताया आग में जलने के बाद भी अधिकांश मामलों में शरीर की बड़ी हड्डियां जैसे जांघ की फीमर, कोहनी की टिबिया बोन या जबड़ा अमूमन सुरक्षित रहती हैं। हालांकि, इसके लिए संदेही मृतक के माता-पिता का सैंपल भी जरूरी होगा। चूंकि यह हत्या का मामला है, इसलिए फोरेंसिक स्तर पर डीएनए प्रोफाइल तैयार कर सैंपल से मिलान किया जाएगा, जिसमें अधिकतम 10 से 15 दिनों का समय लग सकता है।
वर्जन
पुलिस इस अंधे क़त्ल की गुत्थी को सुलझाने में किसी तरह की कोई कसर नहीं छोड़ रही है।हर एंगल से जांच करके मृतक और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश का रही है।
मधुलिका सिंह
एएसपी ग्रामीण






