डॉ. कालीचरण यादव बिलासपुर के राउत नाच महोत्सव के सूत्रधार

बिलासपुर । राउत नाच को गली-मोहल्ले के असंगठित नाच से उठाकर विश्व के सबसे बड़े मंच तक पहुंचाने वाले व्यक्ति का नाम है – डॉ. कालीचरण यादव।
दरअसल जुनाबिलासपुर निवासी कालीचरण यादव पेशे से रिटायर्ड शिक्षक थे, बाद में लोकसंस्कृति के जानकार और साहित्यकार के रूप में जाने गए।लोकसंस्कृति पर केंद्रित पत्रिका मड़ई’ के संपादक थे।2022 में छत्तीसगढ़ प्रदेश हिंदी साहित्य सम्मेलन की ओर से उन्हें भगवान सिंह ठाकुर स्मृति समाजशास्त्रीय लेखन सम्मान 2021 से सम्मानित किया गया था। पहले राउत टोलियां गांवों से शहर आकर अलग-अलग जगह नाचती थीं। कई बार टोलियों के बीच लड़ाई-झगड़ा भी हो जाता था।
कालीचरण यादव और उनकी टीम ने बीड़ा उठाया कि इस नाच को एक मंच दिया जाए।वर्ष 1978 में देवउठनी एकादशी के बाद पहला संगठित कार्यक्रम आयोजित किया गया। टोलियों को आमंत्रित किया गया, पुरस्कार रखे गए।1985 से यह महोत्सव लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान, बिलासपुर में भव्य रूप से होने लगा।
वे महोत्सव के संयोजक थे। सिर्फ संयोजक नहीं, बल्कि इसकी पहचान बने रहे। उन्होंने राउत नाच में अनुशासन, संयम और सामाजिक सद्भाव की भावना को बढ़ावा दिया।
आज इस महोत्सव में 100 से ज्यादा टोलियां हिस्सा लेती हैं। बिलासपुर संभाग ही नहीं, रायपुर और दूसरे राज्यों से भी दल आते हैं। 2026 में इसका 49 वां महोत्सव 28 नवंबर को होने वाला है।
इत्तेफाक है कि सोमवार 23 नवंबर को डॉ. कालीचरण यादव का निधन हो गया है। बिलासपुर के अलावा छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में उन्हें राउत नाचा महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले कहा गया है। उनके जाने को छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, साहित्य और कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।






