कलेक्टोरेट-अस्पताल के बाहर से 5 बाइक पार,पार्ट्स चोरी करते एक गिरफ्तार, तिफरा, कश्यप कॉलोनी, गांधी चौक और सीपत में वारदात

कपसियाकला में ग्रामीणों ने चोर को रंगे हाथों पकड़ा
बिलासपुर। शहर में वाहन चोरों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। कलेक्टोरेट, अस्पताल, सरकारी कार्यालय और शराब दुकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलें भी सुरक्षित नहीं हैं। बीते दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 5 मोटरसाइकिलें चोरी हो गईं। इनमें कुछ वारदात ऐसी हैं, जिनमें चोरों ने महज 10 से 30 मिनट के भीतर बाइक पार कर दी। दूसरी ओर ग्राम कपसियाकला में ट्रैक्टर और हार्वेस्टर के पार्ट्स चोरी करते एक आरोपी को ग्रामीणों ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के हवाले किया है।
वाहन चोरी की पहली घटना तिफरा की है। खजुरी नवागांव निवासी पुरुषोत्तम मानिकपुरी की बाइक अभिलाषा परिसर स्थित एनएच कार्यालय के बाहर खड़ी थी। महज आधे घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। इसी तरह कश्यप कॉलोनी गली नंबर-4 में कंप्यूटर रिपेयरिंग का काम करने वाले शिवम जायसवाल के किराए के मकान के गेट के बाहर खड़ी बाइक रात में चोरी हो गई।
तीसरी वारदात गांधी चौक की है। ग्राम सारधा निवासी बजरंग प्रसाद निर्मलकर की पैशन प्लस बाइक खंडूजा अस्पताल के बाहर खड़ी थी। चोरों ने 20 मिनट के भीतर उसे पार कर दिया। जिला न्यायालय के अधिवक्ता गोविंद कुमार की पैशन प्रो बाइक कलेक्टोरेट गेट के सामने से चोरी हो गई। वहीं सीपत क्षेत्र में हिमांशु साहू की स्प्लेंडर बाइक शराब दुकान के बाहर से महज 10 मिनट में चोरी कर ली गई।
अस्पताल और सरकारी दफ्तरों की पार्किंग भी सुरक्षित नहीं
दरअसल सिम्स, जिला अस्पताल से लेकर सरकारी कार्यालयों की पार्किंग तक वाहन चोरों के निशाने पर हैं। अस्पतालों और दफ्तरों में जरूरी काम से पहुंचने वाले लोग अपनी गाड़ियां बाहर खड़ी करते हैं, लेकिन लौटने पर कई बार उन्हें वाहन गायब मिलता है। बताया जा रहा है कि बीते एक साल में 30 से अधिक बाइक चोरी हुई हैं। इनमें पुलिस की पहुंच अब तक गिने-चुने मामलों में ही आरोपियों तक हो सकी है।
ट्रैक्टर का चक्का खोलते पकड़ा गया आरोपी
वही ग्राम कपसियाकला में किसान देवेंद्र कश्यप के ट्रैक्टर और हार्वेस्टर का सामान चोरी करने वाले आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। किसान के ट्रैक्टर की बैटरी, हार्वेस्टर का एम्पलीफायर और पाना समेत करीब 8 हजार रुपए का सामान चोरी हुआ था। 21 नवंबर की रात ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का चक्का खोलते समय एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने पंजाब से आए हार्वेस्टर चालक आशु महरा के कहने पर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे डायल-112 के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




