जयरामनगर में मालगाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत

बिलासपुर। जयरामनगर रेलवे यार्ड के पास मंगलवार शाम रेलवे ट्रैक पार करते समय एक महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में महिला का शव कई हिस्सों में बंट गया।
घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई है। सूचना मिलने पर बिलासपुर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को मरच्युरी भेज दिया है।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी ने मर्ग कायम कर आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है। महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।




