6.48 करोड़ से हटेंगे 74 बिजली खंभे, 23 ट्रांसफार्मर भी होंगे शिफ्ट

मंगला, बहतराई और खमतराई चौक समेत कई जगह बदलेगी व्यवस्था
फरवरी से शुरू होगा काम, सड़क चौड़ीकरण की बाधाएं होंगी दूर
बिलासपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव के बीच सड़क किनारे और चौक-चौराहों पर लगे बिजली के खंभे व ट्रांसफार्मर भी जाम की बड़ी वजह बन रहे हैं। कई स्थानों पर इनके कारण सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। अब बिजली विभाग इन्हें शिफ्ट कर यातायात के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत इसके लिए शासन ने 6 करोड़ 48 लाख रुपए मंजूर किए हैं। योजना में कुल 193 कार्य कराए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरवरी से काम शुरू कराने की तैयारी है।
योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में 106 ट्रांसफार्मरों से संबंधित कार्य होंगे। इनमें 23 ट्रांसफार्मर सड़क के बीच या किनारे से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किए जाएंगे। मंगला चौक, बहतराई चौक, खमतराई चौक, दयालबंद और मोपका मोड़ सहित कई स्थानों पर बिजली के खंभे और ट्रांसफार्मर यातायात में बाधा बन रहे हैं। इन्हें व्यवस्थित करने से सड़क की चौड़ाई बढ़ाने और जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा 43 नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे, जबकि 40 पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त लोड पड़ता है। इसे देखते हुए 63 केवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मरों को 100 केवीए में बदला जाएगा। इससे ओवरलोडिंग और लो-वोल्टेज की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
योजना में करीब 213 नए बिजली खंभे लगाने, 16 स्थानों पर एलटी लाइन के काम, 27 जगह एबी स्विच लगाने और 28 स्थानों पर बिजली लाइन का विस्तार करने का प्रस्ताव है। पुराने तार और केबल बदलने के साथ 33 केवी उपकेंद्रों में आइसोलेटर, एबी स्विच और अर्थिंग पिट लगाने जैसे तकनीकी सुधार भी किए जाएंगे।
इन इलाकों में हटेंगे बिजली के खंभे
मंगला चौक, अभिषेक विहार और महर्षि स्कूल सहित शहर के अलग-अलग स्थानों पर सड़क के बीच या यातायात में बाधा बन रहे 74 बिजली खंभों को शिफ्ट किया जाएगा। मंगला चौक में ट्रांसफार्मर और 11 केवी लाइन के खंभे सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे हैं। इसी तरह बहतराई चौक, राजकिशोर नगर, दयालबंद और शेफर्ड स्कूल के पास सड़क से सटकर लगे ट्रांसफार्मरों को भी दूसरी जगह लगाया जाएगा। गुरुनानक चौक से राजकिशोर नगर जाने वाली सड़क के बीच आ रहे बिजली के खंभे भी हटाए जाएंगे।
13 नए सब स्टेशन के लिए 32.50 करोड़ का प्रस्ताव
शहर में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए 13 नए सब स्टेशन बनाने के लिए 32 करोड़ 50 लाख रुपए का अलग प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके लिए नगर निगम से 6 एकड़ 50 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। वर्तमान में शहर में 33 सब स्टेशन हैं। नए सब स्टेशन बनने के बाद इनकी संख्या बढ़कर 46 हो जाएगी।
इसी तरह आरडीएसएस योजना के तहत बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 111 करोड़ 50 लाख रुपए का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है। इसमें 4 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर और 30 किलोमीटर 33 केवी लाइन सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
वर्जन
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत 193 कार्यों के लिए 6 करोड़ 48 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। जल्द ही टेंडर जारी कर फरवरी से काम शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएल सिदार
अधीक्षण यंत्री बिजली विभाग




