चाकू दिखाकर लूट और झपटमारी करने वाले पांच नाबालिग पकड़े गए

बिलासपुर। शहर में देर रात चाकू दिखाकर राहगीरों को लूटने वाले नाबालिगों का गिरोह सक्रिय था। रात करीब आधे घंटे के अंतराल में तीन अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल और नकदी लूटने की वारदातों को अंजाम दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से पांच नाबालिगों को पकड़ लिया है। उनके खिलाफ लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया।
पहली वारदात 24 नवंबर की रात करीब 3 बजे हुई। कुम्हारपारा निवासी अक्षय कुमार वहां से गुजर रहे थे, तभी स्कूटी सवार दो नाबालिगों ने उन्हें रोककर चाकू दिखाया और उनका सामान लूट लिया। इसके बाद आरोपियों ने तालापारा के बजरंग चौक स्थित नवजीवन अस्पताल के पास एक अन्य युवक को निशाना बनाया। यहां से मोबाइल और 900 रुपए नकद लूट लिए।
इसके करीब 30 मिनट बाद तीसरी वारदात मंगला चौक बाइपास रोड पर श्रीवास धर्मशाला के पास हुई। लगातार हुई इन घटनाओं से देर रात आवाजाही करने वाले लोगों में दहशत फैल गई।
शिकायतों के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पांच नाबालिगों को पकड़ लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे और वारदात में इस्तेमाल साधनों के संबंध में जांच की। कार्रवाई के बाद सभी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल संरक्षण गृह भेज दिया गया।




