सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाया, आरोपी बहू गिरफ्तार

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगानगर में पारिवारिक विवाद के चलते बहू द्वारा सास को कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर सास को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में शरीर में कीटनाशक होने की पुष्टि हुई। स्वस्थ होने के बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी बहू नकदी और जेवर लेकर मायके चली गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
गंगानगर निवासी रुखमणी ठाकुर ने पुलिस को बताया कि 17 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे वह उपवास पर थीं। इसी दौरान काम से घर लौटी बहू कविता ठाकुर ने उन्हें पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दिया। इसे पीने के कुछ देर बाद उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें पहले मंगला चौक स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर सिम्स में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकीय जांच में उनके शरीर में कीटनाशक होने की पुष्टि हुई।
स्वस्थ होने के बाद 2 अगस्त को पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया। शिकायत के आधार पर आरोपी बहू के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी कविता ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है।




