वेल्डिंग दुकान में सिलेंडर विस्फोट, काम कर रहे युवक की मौके पर ही मौत…सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठ रहे सवाल

बिलासपुर: । मोपका चौकी क्षेत्र में एक दुखद घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। वेल्डिंग की दुकान में काम कर रहे एक युवक की गैस सिलेंडर फटने से मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ, जब युवक गैस वेल्डिंग के दौरान सिलेंडर का उपयोग कर रहा था और अचानक विस्फोट हो गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि युवक सीधा उसकी चपेट में आ गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। यह हादसा मोपका चौकी के अंतर्गत एक वेल्डिंग दुकान में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रोज़ की तरह दुकान में वेल्डिंग का काम कर रहा था। उसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी……
यह घटना एक बार फिर वेल्डिंग और जोखिम भरे कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को उजागर करती है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने यह पाया है कि सिलेंडर का सही रखरखाव नहीं किया गया था, जो इस विस्फोट का मुख्य कारण माना जा रहा है। वेल्डिंग जैसे खतरनाक कामों में सुरक्षा के उपाय न अपनाने पर ऐसी घटनाएं घट सकती हैं, जो किसी की जान ले सकती हैं।