Blog

गतोरा में किसान से रिश्वत लेकर धान खरीदी का वीडियो सामने आया

उपायुक्त सहकारिता ने बारदाना प्रभारी और प्राधिकृत को दिया नोटिस

बिलासपुर / मस्तूरी विकासखंड के धान खरीदी केंद्र गतोरा में एक किसान से रिश्वत लेकर धान खरीदने का वीडियो प्रकाश में आया है। जिसके आधार पर उपायुक्त सहकारिता ने केंद्र के बारदाना प्रभारी लवकुमार यादव और प्राधिकृत राजेंद्र राठौर को नोटिस जारी कर तीन दिनों में जवाब तलब किया है। किसान ने 4 हजार रिश्वत देते हुए वीडियो बना लिया था।उपायुक्त सहकारिता मंजू पाण्डेय द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मस्तूरी के द्वारा लेख किया गया है कि धान उपार्जन केन्द्र गतौरा तहसील मस्तूरी के प्राप्त शिकायत के संबंध में तहसीलदार मस्तूरी से जांच कराई गई।

पैसा देते बनाया वीडियो,फिर बरदाना प्रभारी और उसके साथी का वीडियो हुआ था वायरल

तहसीलदार ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किया कि शिकायतकर्ता हर प्रसाद सूर्यवंशी पिता स्व.तुलसाराम निवासी गतौरा ने धान मण्डी में धान बेचने गया। इस दौरान उसे प्रभारी द्वारा बोला गया कि धान की क्वालिटी सही नहीं है। इसलिए 4000 रूपये देने पर रसीद कटेगा। फिर शिकायतकर्ता ने पैसे देते हुए विडियो बना लिया।शिकायतकर्ता ने बनाये गये वीडियो में पैसा लेते हुए दिख रहे व्यक्तियों के संबंध में धान खरीदी केन्द्र गतौरा के खरीदी प्रभारी नरेन्द्र वस्त्रकार के माध्यम से वीडियो का पुष्टि कराया गया। केन्द्र प्रभारी द्वारा वीडियो में पैसा लेते हुए लव कुमार यादव बारदाना प्रभारी एवं साथ में राजेन्द्र राठौर प्राधिकृत के होने की पुष्टि की गई।

मस्तूरी तहसीलदार ने किया जांच,3 दिन में जवाब तलब करने का दिया समय

मस्तूरी तहसीलदार के जांच प्रतिवेदन के अनुसार विडियो में लव कुमार यादव बारदाना प्रभारी एवं साथ में राजेन्द्र राठौर, प्राधिकृत द्वारा पैसे लेने की शिकायत सही पाई गई।मस्तूरी तहसीलदार के प्रतिवेदन के आधार पर लव कुमार यादव बारदाना प्रभारी एवं राजेन्द्र राठौर, प्राधिकृत गतौरा के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करने के लिए प्रतिवेदन इस कार्यालय को भेजा गया है। जिसमें शिकायत एवं जांच के संबंध में 3 दिनों के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का समय दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *