शहर में अब हेलमेट लगाने वालों को ही मिलेगा पेट्रोल

पेट्रोल पंप संचालकों को बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने एसपी के निर्देश
बिलासपुर। एसपी रजनेश सिंह ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों से अपील की है कि वे किसी भी दोपहिया वाहन में तभी पेट्रोल डालें जब चालक ने हेलमेट पहना हो। जिससे दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा सके। इससे दुर्घटना में होने वाली मौत को कम किया जा सकेगा।
एसपी रजनेश सिंह के निर्देश व एएसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है। संवेदनशील पुलिसिंग के तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसकी के तहत सभी पेट्रोल पंप संचालकों से अपील की गई है कि वे पेट्रोल तभी दें जब दोपहिया वाहन चालक ने हेलमेट लगाया हो। पुलिस ने पेट्रोल पंप में काम करने वाले कर्मचारियों व नागरिकों को हेलमेट का वितरण किया गया। रिपोर्ट के अनुसार सड़क हादसों में मरने वाले अधिकतर दोपहिया वाहन चालकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। यदि उन्होंने हेलमेट लगाया होता तो उनकी जान बच सकती थी। यही कारण है कि पुलिस दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट लगाने के लिए प्रेरित कर रही है। इसकेे लिए जगह-जगह हेलमेट वितरण किया जा रहा है। वहीं पेट्रोल पंप संचालकों से बिना हेलमेट के पेट्रोल नहीं देने अपील किया जा रहा है।
0 जन सहयोग से चल रहा अभियान
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान लगातार हेलमेट वितरण अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद व्यक्तियों को हेलमेट का वितरण किया जा रहा है। यह आयोजन जिला यातायात पुलिस बिलासपुर और जन सहयोग से किया जा रहा है। अभियान में ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे, डीएसपी शिव चरण परिहार, डीएसपी मंजुलता केरकेट्टा, एसआई राज सिंह, पुलिस पेट्रोल पंप के कर्मचारी सहित आम नागरिक शामिल हैं।