सहायक लोको पायलट को पत्नी ने पीटा, अपराध दर्ज
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया अपराध
बिलासपुर। सहायक लोको पायलट के साथ पत्नी ने जमकर मारपीट की। उसने दांत से काटकर पति को जख्मी कर दिया है और जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि माराडबरी थाना सेतगंगा जिला मुंगेली निवासी दिलेश्वर टोंडर वर्तमान में अपने परिवार के साथ पन्ना नगर जरहाभाठा में किराए के मकान में रहता है। वह रेलवे में सहायक लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। साल 2022 में उसकी आकांक्षा टोण्डर से सामाजिक रीति रिवाज के साथ शादी हुई थी। उनका दो साल की बेटी है। शादी के बाद से ही पत्नी घर का कोई काम नहीं करती है और काम करने को कहने पर विवाद करती है। इससे पहले भी विवाद करने के कारण पीड़ित दिलेश्वर ने पत्नी के खिलाफ तोरवा थाना में अपराध दर्ज कराया था। इसके बाद से दोनों के बीच मन-मुटाव बढ़ गया है। उसकी पत्नी छोटी- छोटी बात को अपने घर वालों को बताकर परेशान करती है। वहीं हमेशा मोबाइल में ही बिजी रहती है। 8 मार्च को सुबह 11.30 बजे आकांक्षा सो कर उठी और तबीयत खराब होने पर अस्पताल लेकर जाने के लिए कहा। दिलेश्वर ने कहा कि पहले खाना बना लेता हूं फिर लेकर जाऊंगा। इसके बाद आकांक्षा दिलेश्वर के पर्स से पैसे निकालकर जाने लगी। पीड़ित दिलेश्वर ने अकेले जाने से मना किया तो उसने उसे गाली देना शुरू कर दिया। साथ ही हाथ व मुक्का से पिटाई कर दी। इसके बाद दांत से हाथ को काट लिया।
फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच करने में जुटी हुई है