समय पर कार्यालय में अधिकारी– कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने कलेक्टर सख्त, कार्यालयों में बायोमीट्रिक लगवाने और अटेंडेंस के आधार पर वेतन आहरण के निर्देश
समय पर सरकारी कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने कलेक्टर अवनीश शरण ने सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगवाने और उसके उपस्थिति के आधार पर वेतन आहरण करवाने के निर्देश दिए हैं। रायपुर। सरकारी कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करवाने कलेक्टर अवनीश शरण ने सख्त रूप अपनाया है। कार्यालयीन समय में अधिकारी कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति नहीं होने से सरकारी कामकाज को प्रभावित होता ही है साथ ही जनता को भी समस्याएं होती है। इसे सुनिश्चित करने के लिए सभी सरकारी कार्यालयों में बायोमीट्रिक लगवाने और अटेंडेंस के आधार पर वेतन आहरण के निर्देश दिए है।
कलेक्टर अवनीश शरण ने जिले के सभी विभाग प्रमुखों,अतिरिक्त कलेक्टरों,प्रभारी अधिकारियों को कार्यालयीन समय पे अधिकारी कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करवाने के लिए पत्र लिखा है। कलेक्टर ने पत्र में लिखा है कि प्रायः देखा जा रहा है कि निर्धारित कार्यालयीन समय में अधिकारी कर्मचारी कार्यालय में समय में उपस्थित नहीं हो रहे है। जिससे प्रतीत होता है कि आपका कार्यालयों में अधिनस्थ कर्मचारियों के ऊपर नियंत्रण नहीं है। इससे एक ओर जहां शासकीय कार्यों के त्वरित निपटान नहीं हो पाता है वहीं दूसरी ओर आम जनता को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह अत्यंत खेदजनक स्थिति है।
अतः कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि आगामी 15 दिवस के भीतर अपने कार्यालयों में बायोमैट्रिक अटेंडेंस मशीन लगाकर प्रत्येक अधिकारी कर्मचारी का अटेंडेंस लगवाना सुनिश्चित करें। साथ ही। यह भी निर्देशित किया गया है कि अप्रैल माह का वेतन का आहरण बायोमैट्रिक अटेंडेंस के आधार पर किया जावे। इसका कड़ाई से पालन करने के निर्देश कलेक्टर ने देते हुए चेतावनी दी है कि उनके द्वारा समय-समय पर प्रत्येक कार्यालय में औचक निरीक्षण किया जाएगा।