मिलने के लिए बुलाकर युवती काे सड़क पर घसीटकर पीटा, वीडियो हो रहा वायरल
बिलासपुर। तिफरा में रहने वाली युवती को परिचित ने मिलने के लिए बुलाकर बीच-सड़क पिटाई कर दी। इसका किसी ने वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया। इधर पीड़ित युवती ने घटना की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
तिफरा स्थित राम मंदिर के पास रहने वाली युवती रोजी-मजदूरी करती है। युवती ने बताया कि चार साल से उसकी पहचान धन्नू नारायण कश्यप उर्फ लक्ष्मी नारायण है। दोनों के बीच मोबाइल पर बात होती है। समय-समय पर दोनों मिलते भी हैं। रविवार की रात करीब 10 बजे युवक उसे मिलने के लिए टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल राजा में मिलने के लिए बुलाया था। इस पर युवती वहां पहुंची। उसके पहुंचते ही युवक ने फोन काल रिसिव नहीं करने का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच युवक की पत्नी सुदेवी कश्यप और भांजा अवतार वहां पहुंच गए। उन्होंने जान से मारने की बात कहते हुए युवती को सड़क पर घसीट कर पीटना शुरू कर दिया। इस बीच किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया में वायरल कर दिया। अब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इधर युवती ने पूरे मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।