बुजुर्ग महिला से नशीला पानी पिलाकर लूट, ऑटो में बैठाकर ले गए थे आरोपी

सोने की कंगन और 6 हजार रुपये की लूट
सिविल लाइन पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर । एक अजीबोगरीब लूट का मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला को नशीला पानी पिलाकर लूट लिया गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बावजी नगर की रहने वाली पीड़िता हेमलता भोंसले शाम करीब 6:30 बजे दवा लेने निकली थीं, लेकिन रास्ते में तीन लोगों ने ऑटो में बैठाकर उन्हें घर छोड़ने का बहाना बनाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के मुताबिक आरोपियों में एक नाबालिग लड़की, एक महिला और एक अधेड़ उम्र का पुरुष शामिल था।
दरअसल बुजुर्ग महिला जब ब्लड प्रेशर की दवा लेने निकली थीं, उसी दौरान रास्ते में मिले तीनों आरोपियों ने उन्हें ऑटो में बैठाकर यह भरोसा दिलाया कि वे उन्हें घर छोड़ देंगे। लेकिन वे इधर-उधर घुमाते रहे और फिर रास्ते में पीने के लिए पानी की बोतल दी, जिसमें नशीला पदार्थ मिला हुआ था। पानी पीते ही पीड़िता बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपियों ने महिला के हाथ में पहने सोने के कंगन और 6000 रुपये नगद लूट लिए। आरोपियों ने महिला को बेहोशी की हालत में यादव गार्डन के पास छोड़ दिया और फरार हो गए। करीब 10:30 बजे रात परिजन तलाश करते हुए महिला के पास पहुंचे और उसे घर लाए। इस दौरान पीड़िता के पास एक बैग भी मिला, जिसे आरोपियों ने वहीं छोड़ दिया था। उसमें नकली नोट जैसे कागजों के बंडल भरे थे। डरी-सहमी बुजुर्ग महिला ने इस पूरी घटना की शिकायत सिविल लाइन थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।