पश्चिम बंगाल के 60 संदिग्धों के फिंगरप्रिंट और आपराधिक रिकॉर्ड की हो रही गहन जांच
बिलासपुर। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। चेकिंग के दौरान पश्चिम बंगाल के करीब 60 व्यक्तियों को संदेह के आधार पर पकड़ा गया और सिविल लाइन थाना लाया गया। पुलिस ने इन सभी का फिंगरप्रिंट लिया है और आईसीजेएस के माध्यम से उनका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।
इन व्यक्तियों के आधार कार्ड नंबर और मोबाइल फोन नंबर भी मुसाफिरी रजिस्टर में दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि हर गतिविधि पर सख्त निगरानी रखी जा सके। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम और जिले में सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि जांच पूरी तरह से नियमों के तहत हो रही है और अगर किसी का आपराधिक इतिहास सामने आता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी व्यक्तियों से पूछताछ जारी है।
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।